वाराणसी शिक्षक-स्नातक एमएलसी की दोनों सीटें सपा ने जीतीं:मिर्जापुर में पार्टी कार्यालय पर कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ मनाया जश्न
मिर्जापुर में वाराणसी शिक्षक- स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की विधान परिषद की दोनों सीटों पर समाजवादी पार्टी की जीत की खबर मिलते ही गुरुवार को पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह छा गया। लोहिया ट्रस्ट स्थित पार्टी कार्यालय पर कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों की थाप पर नाचकर जीत का जश्न मनाया। इस दौरान समाजवादी झंडे लहराए गए, पटाखे फोड़े गए और मिठाइयां बांटकर खुशी का इजहार किया गया। इस अवसर पर सपा के कार्यवाहक जिलाध्यक्ष अशोक यादव का कार्यकर्ताओं ने मिठाई खिलाकर और फूल-मालाओं से स्वागत किया। उनके ऊपर गुलाब की पंखुड़ियां बरसाकर जीत की बधाई दी गई।
कार्यवाहक जिलाध्यक्ष अशोक यादव ने कहा कि शिक्षक एमएलसी चुनाव में लाल बिहारी यादव और स्नातक एमएलसी चुनाव में आशुतोष सिन्हा विजयी हुए हैं। उन्होंने दोनों सीटों पर सपा की जीत को पार्टी की नीतियों और कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम बताया। साथ ही भाजपा पर निशाना साधते हुए मतगणना में गड़बड़ी की साजिश का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि चुनाव में हार से भाजपा हताश है और उसकी हालत खराब हो गई है। अशोक यादव ने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को जीत की बधाई देते हुए दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी जिले की पांचों विधानसभा सीटों पर जीत हासिल करेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश की बागडोर सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव संभालेंगे। भाजपा पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि अब उसकी उलटी गिनती शुरू हो गई है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर सपा सरकार के कार्यकाल में लागू की गई योजनाओं और उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया। साथ ही जानकारी दी कि 31 अक्टूबर को पार्टी कार्यालय पर सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती मनाई जाएगी। जश्न में पूर्व मंत्री कैलाश चौरसिया, मुन्नी यादव, सुरेंद्र सिंह पटेल, राजेश भारती, सुभाष पटेल, आदर्श यादव, रामजी मौर्य, अभय यादव, संतोष गोयल, कौशिक कन्नौजिया, अनीस खान, परवीन बानो, बनवारी मौर्य, गप्पू यादव, मेवालाल प्रजापति, राकेश यादव, रत्नेश श्रीवास्तव, रवि सोनकर, वंदना गुप्ता, दिव्या गुप्ता, श्यामसुंदर सोनकर, रामजी बिंद, आकाश यादव, संतोष यादव, राममिलन यादव, डॉ. शक्ति श्रीवास्तव, चिंतामणि यादव, राहुल यादव, लवकुश यादव, जमुना यादव, वीरेंद्र यादव, हेमंत सिंह और मनीष यादव समेत सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)