लखनऊ के किंग्स क्लब में लाठीचार्ज:डीजे बंद कराने पहुंची थी पुलिस, युवक बोले सस्पेंड करा दूंगा

Oct 30, 2026 - 12:06
0
लखनऊ के किंग्स क्लब में लाठीचार्ज:डीजे बंद कराने पहुंची थी पुलिस, युवक बोले सस्पेंड करा दूंगा
लखनऊ के विभूतिखंड इलाके में स्थित किंग्स क्लब का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें पुलिस लाठियां भांजती नजर आ रही है। पुलिस के मुताबिक, 26 अक्टूबर की रात तय समय सीमा खत्म होने के बाद भी क्लब में डीजे बज रहा था। 12 से 15 लोग शराब के नशे में आपस में मारपीट और हंगामा कर रहे थे। सूचना पाकर जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची और उन्हें समझाने की कोशिश की, तो नशे में धुत युवक पुलिसकर्मियों से ही अभद्रता करने लगे और उन्हें सस्पेंड कराने की धमकियां देने लगे। हंगामा बढ़ा तो पुलिस ने की कार्रवाई, 5 हिरासत में क्लब में हो रहे विवाद के दौरान लखीमपुर खीरी निवासी रजत गुप्ता नाम के युवक के साथ मारपीट की गई, जिससे वह घायल हो गया। जब स्थिति बेकाबू होने लगी और युवकों ने पुलिस की बात मानने से इनकार कर दिया, तो माहौल शांत कराने के लिए पुलिस को हल्के बल का प्रयोग (लाठीचार्ज) करना पड़ा। इसके बाद पुलिस ने दोनों पक्षों के कुल 5 लोगों—रजत गुप्ता, शाश्वत पांडेय, अखंड सिंह, अभय प्रताप सिंह और आकाश सिंह को गिरफ्तार कर शांति भंग की धाराओं (170/126/135 BNSS) के तहत चालान कर दिया। क्लब के सीसीटीवी कैमरे मिले बंद, डीवीआर जब्त जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि दूसरे पक्ष के कुछ युवक 'अनंत राजपूत' नाम के व्यक्ति से जुड़े हैं, जिसका आपराधिक इतिहास रहा है। क्लब के एंट्री रजिस्टर में इनकी कोई एंट्री नहीं थी। जब पुलिस ने फुटेज देखनी चाही, तो क्लब के सभी सीसीटीवी कैमरे बंद पाए गए। कैमरे बंद होने पर मैनेजर भी कोई स्पष्ट जवाब नहीं दे सका, जिसके बाद पुलिस ने तकनीकी जांच के लिए डीवीआर को अपने कब्जे में ले लिया है। क्लब के खिलाफ भी होगी कार्रवाई समय सीमा के बाद भी क्लब खोलने, डीजे बजाने और सीसीटीवी कैमरे बंद रखने की लापरवाही को देखते हुए पुलिस ने पूरे घटनाक्रम की एंट्री जनरल डायरी (GD) में दर्ज कर ली है। अब पुलिस प्रशासन की ओर से किंग्स क्लब के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई के लिए रिपोर्ट भेज दी गई है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User