दहेज के लिए विवाहिता को प्रताड़ित करने का आरोप:पति समेत 8 पर केस
बरेली में एक नवविवाहिता ने पति और ससुराल वालों पर तीन लाख रुपए अतिरिक्त दहेज मांगने और प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि शादी से पहले पति को खाद्य विभाग में जांच अधिकारी बताया गया था, लेकिन बाद में पता चला कि वह स्पा सेंटर में मसाज का काम करता है। प्रेमनगर पुलिस ने पति समेत आठ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
प्रेमनगर थाना क्षेत्र के जाटवपुरा निवासी नेहा की शादी 26 अप्रैल को हाथरस की माधवकुंज कॉलोनी निवासी अजय वर्मा से हुई थी। नेहा के परिवार ने शादी पर करीब 10 लाख रुपए खर्च किए। नेहा के मुताबिक, रिश्ता तय करते समय अजय को खाद्य विभाग में जांच अधिकारी बताया गया था। शादी के बाद उसे पता चला कि अजय किसी सरकारी विभाग में अधिकारी नहीं है और स्पा सेंटर में मसाज का काम करता है।
नेहा का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद पति और ससुराल वालों ने तीन लाख रुपए अतिरिक्त दहेज मांगे। मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ मारपीट और मानसिक उत्पीड़न किया गया। उसने शिकायत में आरोप लगाया कि कई बार बिजली का करंट लगाकर उसे जान से मारने की कोशिश की गई।
नेहा ने यह भी आरोप लगाया कि 24 जुलाई की सुबह उसे फंदे से लटकाकर मारने की कोशिश की गई। पति और सास पर ऑपरेशन कराकर उसकी बच्चेदानी निकलवाने की धमकी देने का भी आरोप है।
शिकायत में पति, सास, जेठ, जेठानी, दो ननद, ननदोई और एक अन्य व्यक्ति को आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने सभी आठ आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)