लखनऊ में ब्रेस्ट कैंसर की मुफ्त जांच शुरू:कल्याण सिंह कैंसर संस्थान में रोज मिलेगी सुविधा, इलाज और देखभाल के लिए स्पेशल क्लिनिक शुरू
लखनऊ के कल्याण सिंह सुपर स्पेशलिटी कैंसर संस्थान में अब ब्रेस्ट कैंसर की मुफ्त जांच होगी। इसके लिए विशेष स्कैनिंग मशीन की मदद ली जाएगी। चक गंजरिया स्थित संस्थान में बुधवार को मुफ्त जांच और रिहैबिलिटेशन क्लिनिक शुरू किया गया। यहां महिलाओं को जांच के साथ स्तन स्वास्थ्य से जुड़ी सलाह और नियमित देखभाल की सुविधा भी मिलेगी। संस्थान के निदेशक डॉ. एमएलबी भट्ट ने क्लिनिक का उद्घाटन किया। उन्होंने बताया कि यह सुविधा रोज मिलेगी। ब्रेस्ट कैंसर के इलाज के दौरान जिन महिलाओं की सर्जरी करके स्तन हटाना पड़ता है, उन्हें कृत्रिम स्तन भी उपलब्ध कराया जाएगा। इसके इस्तेमाल की जानकारी भी दी जाएगी, ताकि महिलाएं सर्जरी के बाद सामान्य जीवन में लौट सकें। प्रदेश में हर साल 25 से 30 हजार नए मामले डॉ. भट्ट के मुताबिक, उत्तर प्रदेश में हर साल ब्रेस्ट कैंसर के करीब 25 से 30 हजार नए मामले सामने आते हैं। करीब 20 हजार महिलाओं की मौत होती है। जागरूकता की कमी और जांच की सीमित सुविधाओं के कारण कई बार बीमारी का पता देर से चलता है। इससे इलाज मुश्किल हो जाता है। समय पर जांच से बीमारी की शुरुआती अवस्था में पहचान और इलाज में मदद मिल सकती है। अब तक 500 से ज्यादा महिलाओं की जांच संस्थान के सामुदायिक चिकित्सा विभाग के प्रमुख डॉ. आयुष लोहिया ने बताया कि जिला अस्पतालों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के सहयोग से अब तक 500 से ज्यादा महिलाओं की जांच की जा चुकी है। सर्जिकल ऑन्कोलॉजी विभाग के डॉ. दुर्गेश कुमार ने बताया कि स्तन में गांठ, आकार में बदलाव, निप्पल से असामान्य स्राव या त्वचा में बदलाव होने पर जांच करानी चाहिए। 30 साल से अधिक उम्र की महिलाओं और परिवार में ब्रेस्ट कैंसर का इतिहास होने पर डॉक्टर की सलाह से नियमित जांच कराना जरूरी है। इस मौके पर सीएमएस डॉ. विजेंद्र सिंह, डीन डॉ. प्रमोद कुमार, एमएस डॉ. वरुण विजय, डॉ. अंशु सिंह और डॉ. रुमिता समेत अन्य डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)