लखनऊ- स्पेशल TET में AI कैमरे से पकड़ा गया नकलची:एग्जाम देने वाले शिक्षक बोले- PCS की तर्ज पर पूछे गए सवाल

Nov 03, 2026 - 21:01
0
लखनऊ- स्पेशल TET में AI कैमरे से पकड़ा गया नकलची:एग्जाम देने वाले शिक्षक बोले- PCS की तर्ज पर पूछे गए सवाल
बेसिक शिक्षा विभाग के शिक्षकों के लिए मंगलवार को पहली बार आयोजित स्पेशल TET-2026 में मैथ्स, इंग्लिश और ईवीएस के सवालों ने अभ्यर्थियों को खूब उलझाया। परीक्षा देकर बाहर निकले शिक्षकों ने प्रश्नपत्र को सामान्य TET और CTET से भी कठिन बताया। कई सवाल PCS और समीक्षा अधिकारी की परीक्षाओं के स्तर के थे। इस बीच लखनऊ के बप्पा श्री नारायण वोकेशनल इंटर कॉलेज में AI कैमरे की मदद से दूसरे अभ्यर्थी की जगह परीक्षा दे रहा नकलची भी पकड़ा गया। उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। आसान पेपर की उम्मीद थी, लंबे सवालों ने उलझाया शिक्षकों को उम्मीद थी कि नौकरी कर रहे शिक्षकों के लिए पहली बार आयोजित विशेष टीईटी का प्रश्नपत्र आसान होगा। लेकिन परीक्षा में मैथ्स, इंग्लिश, हिंदी, संस्कृत और बाल विकास एवं शिक्षण विधि के सवालों ने खूब परेशान किया। लंबे अनुच्छेद और सामान्य ज्ञान के सवालों में भी काफी समय लगा। ईवीएस में यूपी के भूगोल और पारिस्थितिकी तंत्र से जुड़े सवाल पूछे गए। इतिहास, भूगोल और साइंस के सवाल समझने में भी वक्त लगा। ज्यादातर शिक्षक परीक्षा के बाद मायूस दिखे। मैथ्स में ज्योमेट्री और अलजेब्रा के सवाल कठिन प्रतापगढ़ की प्रतिभा सिंह ने बताया कि दोनों पालियों का प्रश्नपत्र कठिन था। मैथ्स और बाल विकास शिक्षण विधि के सीधे सवाल नहीं थे। विकल्प इतने करीब थे कि सही जवाब चुनने में काफी समय लगा। फतेहपुर के राकेश कुमार ने बताया कि मैथ्स में ज्योमेट्री और अलजेब्रा के सवालों की कैलकुलेशन काफी लंबी थी। इस वजह से कई अभ्यर्थी सवाल हल नहीं कर पाए। साइंस में भी सीधे तथ्यों के बजाय घुमावदार सवाल पूछे गए। प्रदेश में 87.92%, लखनऊ में 88.17% उपस्थिति आयोग के मुताबिक, प्रदेश के छह मंडल मुख्यालयों प्रयागराज, लखनऊ, वाराणसी, गोरखपुर, मेरठ और आगरा में परीक्षा हुई। दोनों पालियों में प्रदेशभर के 1,06,547 रजिस्टर अभ्यर्थियों में से 93,681 ने परीक्षा दी। कुल उपस्थिति 87.92% रही। पहली पाली में 58,353 रजिस्टर अभ्यर्थियों में से 50,666 उपस्थित रहे। दूसरी पाली में 48,194 में से 43,015 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। महिला अभ्यर्थियों की उपस्थिति 89.25 और पुरुषों की 89.28% रही। लखनऊ के 22 केंद्रों पर दोनों पालियों में 22,125 अभ्यर्थी रजिस्टर थे। इनमें से 19,509 परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 2,616 ने परीक्षा छोड़ दी। यहां उपस्थिति 88.17% रही। AI कंट्रोल रूम से हुई निगरानी उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि परीक्षा की निगरानी के लिए आयोग मुख्यालय में AI इंटीग्रेटेड कंट्रोल कमांड रूम बनाया गया था। यहां से सभी केंद्रों की लाइव मॉनिटरिंग हुई। AI कैमरों और विशेष सॉफ्टवेयर की मदद से परीक्षार्थियों की गतिविधियों पर नजर रखी गई। इसी दौरान लखनऊ के बप्पा श्री नारायण वोकेशनल इंटर कॉलेज में दूसरे अभ्यर्थी की जगह परीक्षा दे रहे फर्जी परीक्षार्थी की पहचान हुई। उसे पुलिस को सौंप दिया गया। शिक्षक संगठन ने प्रश्नपत्र की समीक्षा की मांग की विशिष्ट बीटीसी शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन ने प्रश्नपत्र के स्तर पर आपत्ति जताई है। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष संतोष तिवारी और महासचिव दिलीप चौहान ने कहा कि वर्षों से नौकरी कर रहे शिक्षकों के लिए आयोजित विशेष टीईटी में PCS और समीक्षा अधिकारी की परीक्षाओं जैसे सवाल पूछे गए। इससे शिक्षकों पर अनावश्यक मानसिक दबाव पड़ा है। संगठन ने मुख्यमंत्री और शासन से प्रश्नपत्र की समीक्षा कराने की मांग की है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User