लंदन में बांग्लादेशी नेता नाहिद इस्लाम के कार्यक्रम में झड़प:हसीना समर्थकों ने अंडे और पानी की बोतलें फेंकीं; पुलिस ने लाठीचार्ज किया

Nov 17, 2026 - 11:50
0
लंदन में बांग्लादेशी नेता नाहिद इस्लाम के कार्यक्रम में झड़प:हसीना समर्थकों ने अंडे और पानी की बोतलें फेंकीं; पुलिस ने लाठीचार्ज किया
ब्रिटेन की राजधानी लंदन में सोमवार रात बांग्लादेशी नेता नाहिद इस्लाम के स्वागत कार्यक्रम के दौरान हंगामा हो गया। पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग और नेशनल सिटिजन पार्टी (NCP) के समर्थक आपस में भिड़ गए। अवामी लीग के समर्थकों ने कार्यक्रम में पहुंच रहे लोगों पर अंडे और पानी की बोतलें फेंकीं। इसके बाद दोनों गुटों के बीच सड़क पर मारपीट शुरू हो गई। हालात काबू करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया। झड़प में 4 से 5 लोग घायल हुए हैं। ढाका ट्रिब्यून और प्रोथोम आलो की रिपोर्ट के मुताबिक, घटना पूर्वी लंदन के रोमफोर्ड इलाके में मेफेयर हॉल के बाहर हुई। ब्रिटिश-बांग्लादेशी समुदाय ने नाहिद इस्लाम के सम्मान में यह कार्यक्रम आयोजित किया था। नाहिद बांग्लादेश की ढाका-11 सीट से सांसद हैं। झड़प से जुड़ी 2 तस्वीरें कार्यक्रम में आने वालों पर फेंके अंडे और बोतलें ढाका ट्रिब्यून के मुताबिक, कार्यक्रम के दौरान अवामी लीग के समर्थक हॉल के बाहर जमा हो गए थे। चश्मदीदों और आयोजकों ने बताया कि उन्होंने कार्यक्रम में आने वाले लोगों पर अंडे और पानी की बोतलें फेंकीं। कार्यक्रम खत्म होने के बाद दोनों पक्षों के समर्थक एक-दूसरे के पीछे दौड़ने लगे और सड़क पर मारपीट शुरू हो गई। करीब 20 मिनट तक चली इस झड़प को रोकने के लिए पुलिस ने कई बार लाठीचार्ज किया। ढाका ट्रिब्यून ने 4 लोगों के घायल होने की खबर दी है, जबकि प्रोथोम आलो के मुताबिक, 5 लोग घायल हुए और उन्हें किंग्स कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया। पीछे के रास्ते से निकले नाहिद इस्लाम नाहिद इस्लाम प्रदर्शनकारियों के सीधे सामने आने से बचते रहे। रिपोर्ट के मुताबिक, वे कार्यक्रम शुरू होने से करीब तीन घंटे पहले ही मेफेयर हॉल पहुंच गए थे। जब प्रदर्शनकारी मुख्य दरवाजे पर जमा हुए तो वे पीछे के रास्ते से बाहर निकल गए। नाहिद ने मंगलवार को फेसबुक पर बयान जारी कर अवामी लीग के कार्यकर्ताओं पर हमला करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पार्टी के फरार और कट्टरपंथी कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम में आए बांग्लादेशी प्रवासियों और विश्वविद्यालय के छात्रों को निशाना बनाया। उन्होंने हमले की निंदा करते हुए घायलों के जल्द ठीक होने की कामना की। साथ ही ब्रिटेन की सरकार से मामले की निष्पक्ष और जल्द जांच कराने की मांग की। हसीना की वापसी की चर्चा के बीच बढ़ा तनाव लंदन में यह झड़प ऐसे समय हुई है, जब बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने दिसंबर तक देश लौटने की बात कही है। उनकी संभावित वापसी को लेकर समर्थकों और विरोधियों के बीच तनाव बढ़ रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक, रविवार को हसीना के जन्मस्थान वाले जिले गोपालगंज में अवामी लीग के सैकड़ों कथित समर्थक लाठी और धारदार हथियार लेकर जमा हुए। इस दौरान उनकी पुलिस से झड़प हुई। प्रदर्शनकारियों ने BNP से जुड़े कई ठिकानों और पार्टी कार्यालयों में आग भी लगा दी। ------------------------------------------ यह खबर भी पढ़ें… रिपोर्ट-हसीना की वापसी के लिए भारत ने 2 शर्तें रखीं:पहली- बांग्लादेशी सेना सुरक्षित लेकर जाए, दूसरी- फांसी के खिलाफ अपील का मौका मिले बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की वापसी को लेकर भारत ने दो शर्तें रखी हैं। BBC बांग्ला की रिपोर्ट के मुताबिक, भारतीय अधिकारी चाहते हैं कि बांग्लादेश की सेना खुद भारत आए और हसीना को अपने साथ वापस ले जाए। पूरी खबर यहां पढ़ें…

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User