लोढ़ी टोल प्लाजा के पास बाइक सवार को रोककर पीटा:दो युवकों पर झाड़ियों में ले जाकर नकदी छीनने का आरोप, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
सोनभद्र के रॉबर्ट्सगंज कोतवाली में लोढ़ी टोल प्लाजा पार कर मारकुंडी की ओर जा रहे बाइक सवार युवक को रास्ते में रोककर मारपीट करने और झाड़ियों में ले जाकर नकदी छीनने का आरोप लगा है। दो अज्ञात युवकों के खिलाफ शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। शनिवार को देर शाम तक टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, लेकिन शुरुआती जांच में नकदी छीनने की पुष्टि नहीं हो सकी। चोपन थाना क्षेत्र के बेलकप निवासी सत्यजीत ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि उनका बड़ा भाई विश्वजीत शुक्रवार को किसी काम से रॉबर्ट्सगंज आया था। यहां उसने बैंक से रुपए निकाले और पांच हजार रुपए सत्यजीत के खाते में जमा किए। इसके बाद शेष रकम लेकर वह देर शाम बाइक से घर लौट रहा था। पाइपलाइन क्रॉसिंग के पास रोककर झाड़ियों में ले गए आरोप है कि लोढ़ी टोल प्लाजा पार करने के बाद पाइपलाइन क्रॉसिंग के पास एक बाइक सवार युवक ने विश्वजीत को रोक लिया। इसी दौरान पीछे से एक अन्य युवक भी पहुंच गया। दोनों उसे खींचकर सड़क किनारे झाड़ियों में ले गए और मारपीट करने लगे। आरोप है कि इस दौरान उसकी जेब में रखे रुपए भी निकाल लिए गए। घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने पुलिस को इसकी जानकारी दी। पहले भी गंभीर घटनाओं को लेकर चर्चा में रहा इलाका लोढ़ी टोल प्लाजा और उसके आसपास का इलाका पहले भी छिनैती और दुष्कर्म जैसी गंभीर घटनाओं को लेकर सुर्खियों में रहा है। पूर्व में हुई घटनाओं में पुलिस आरोपियों का खुलासा कर चुकी है। अब इसी क्षेत्र में मारपीट और कथित छिनैती की शिकायत के बाद रात में आवागमन करने वालों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं। सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस सीओ सिटी रणधीर मिश्रा ने बताया कि युवक के साथ मारपीट की शिकायत मिली है। बैंक से रुपए निकालने और छिनैती किए जाने की बात अभी स्पष्ट नहीं है। टोल प्लाजा के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की गई है। पीड़ित पक्ष की जानकारी के आधार पर घटना और आरोपियों के संबंध में छानबीन की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)