मां के निधन पर भी संयमित रहे योगी:गोरखपुर में टैबलेट वितरण के दौरान मिली खबर; 2020 में पिता के निधन पर भी निभाया था राजधर्म

Nov 20, 2026 - 13:01
0
मां के निधन पर भी संयमित रहे योगी:गोरखपुर में टैबलेट वितरण के दौरान मिली खबर; 2020 में पिता के निधन पर भी निभाया था राजधर्म
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को 20 नवंबर को गोरखपुर में टैबलेट वितरण कार्यक्रम के दौरान मां सावित्री देवी के निधन की दुखद सूचना मिली। इसके बावजूद उन्होंने कार्यक्रम बीच में नहीं छोड़ा। वह तय कार्यक्रम के अनुसार मंच से संबोधन देने के बाद बच्चों के साथ सेल्फी लेते रहे। उनके चेहरे पर दुख के भाव नजर नहीं आए। उनके इस संयम को देखकर मंच पर मौजूद नेताओं में भी बेचैनी दिखाई दी। योगी आदित्यनाथ के जीवन में यह पहला मौका नहीं था, जब निजी दुख के बीच उन्होंने सार्वजनिक जिम्मेदारी को प्राथमिकता दी। इससे पहले 2020 में कोरोना महामारी के दौरान उनके पिता आनंद सिंह बिष्ट का निधन हुआ था। उस समय भी उन्होंने मुख्यमंत्री के रूप में अपनी जिम्मेदारियों को प्राथमिकता दी थी। वह पिता की अंत्येष्टि में शामिल नहीं हो सके थे। उस समय योगी ने कहा था कि उनके पिता जहां भी होंगे, उन्हें आशीर्वाद दे रहे होंगे। उन्होंने कहा था कि पिता की इच्छा भी यही रही होगी कि उनका बेटा देश और प्रदेश के लोगों की सेवा करे। ऐसे समय में उन्होंने अपने परिवार से पहले प्रदेश के करीब 25 करोड़ लोगों की चिंता को महत्व दिया। कार्यक्रम के दौरान रवि किशन ने दी श्रद्धांजलि गोरखपुर के सांसद रवि किशन भी टैबलेट वितरण कार्यक्रम में मौजूद थे। उन्होंने इसी दौरान सोशल मीडिया पर सावित्री देवी के निधन की सूचना साझा की और उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने इसके बावजूद अपना संबोधन पूरा किया और निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आगे बढ़े। संन्यास के बाद पहली मुलाकात में मां ने दिया था आशीर्वाद योगी आदित्यनाथ का मूल नाम अजय सिंह बिष्ट है। वर्ष 1993 में जब उन्होंने घर छोड़ने का फैसला किया था, तब परिवार को लगा था कि वह नौकरी के सिलसिले में बाहर जा रहे हैं। बाद में नाथ संप्रदाय में दीक्षा लेकर संन्यासी बनने की जानकारी परिवार को मिली। संन्यास लेने के बाद जब वह पहली बार घर पहुंचे तो मां सावित्री देवी ने उन्हें रोकने की कोशिश की थी। उन्होंने बेटे को फल, चावल और रुपये भी दिए। हालांकि, अजय के संकल्प को देखते हुए मां ने अंततः उन्हें आशीर्वाद दिया। पांच साल बाद गांव पहुंचे तो मां से पूछा था- पहचान लिया न मुझे? मुख्यमंत्री बनने के बाद भी योगी आदित्यनाथ का अपनी मां से भावनात्मक जुड़ाव बना रहा। 3 मई 2022 को दूसरी बार मुख्यमंत्री बनने के बाद वह करीब पांच साल के अंतराल पर अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंचे थे। मां के पैर छूकर आशीर्वाद लेने के बाद उन्होंने मुस्कराते हुए पूछा था- 'पहचान लिया न मुझे?' मां ने भी उन्हें पहचानने की बात कही थी। यह मुलाकात काफी भावुक रही थी। जून 2024 में भी योगी आदित्यनाथ अपनी मां से मिलने ऋषिकेश एम्स पहुंचे थे। उस समय सावित्री देवी स्वास्थ्य संबंधी परेशानी के चलते अस्पताल में भर्ती थीं। योगी ने उनसे मुलाकात कर हालचाल जाना था। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में शामिल होने पर भी नजर 21 नवंबर को लखनऊ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कार्यक्रम प्रस्तावित है। ऐसे में अब यह देखना होगा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इसमें शामिल होंगे या नहीं। हालांकि, उनके करीबी लोगों का दावा है कि वह कार्यक्रम में मौजूद रह सकते हैं। मां के निधन की सूचना मिलने के बाद वह आज ही अंतिम दर्शन के लिए उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल स्थित अपने पैतृक गांव पंचूर जा सकते हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User