अलीगढ़ में आसमान में उड़ा देशभक्ति का जुनून:सेना के माइक्रोलाइट विमानों ने बच्चों के सपनों को दिए पंख, वंदे मातरम् के 150 साल पर अनूठा अभियान
आसमान में तीन छोटे विमान चक्कर लगा रहे थे और नीचे खड़े आठवीं से दसवीं तक के बच्चों की निगाहें उन्हीं पर टिकी थीं। किसी के हाथ में मोबाइल था तो कोई विमान के कॉकपिट को करीब से देखने के लिए उत्सुक था। पहली बार इतने करीब से सेना के माइक्रोलाइट विमान देख रहे बच्चों के लिए शुक्रवार का दिन किसी रोमांचक फिल्म से कम नहीं था। धनीपुर एयरपोर्ट पर भारतीय सेना के तीन माइक्रोलाइट विमानों ने सिर्फ उड़ान नहीं भरी, बल्कि बच्चों के सपनों को भी पंख लगा दिए। मौका था वंदे मातरम् के 150 साल पूरे होने पर निकाली गई सेना की ‘राष्ट्रीय एकता उड़ान’ का। इसमें कृष्णा इंटरनेशनल स्कूल की कक्षा नौ की छात्रा सताक्षी सारस्वत और ओएलएफ के कक्षा आठ के छात्र केएन को विमान में उड़ान भरने का मौका मिला। दोनों पहली हवाई यात्रा के अनुभव से बेहद उत्साहित नजर आए। किसी ने पहली बार देखा कॉकपिट, किसी ने छुआ आसमान शुक्रवार सुबह करीब 8:30 बजे मेरठ से तीन माइक्रोलाइट विमान लेकर सेना की टीम अलीगढ़ पहुंची। एनसीसी कैडेटों के साथ कई स्कूलों के आठवीं से दसवीं तक के बच्चों को भी एयरपोर्ट बुलाया गया था। बच्चों के लिए यह पहला मौका था, जब उन्होंने सेना के इन छोटे विमानों को इतने करीब से देखा। विमान की बनावट, पंखों, कॉकपिट और उड़ान की तकनीक को लेकर बच्चों ने खूब सवाल किए। सेना के अधिकारियों ने उन्हें एक-एक बारीकी समझाई। विमान के साथ फोटो खिंचाने की होड़ भी दिखी। दो बच्चों ने पहली बार छुआ आसमान इस आयोजन में दो बच्चों को माइक्रोलाइट विमान में उड़ान का मौका मिला। कृष्णा इंटरनेशनल स्कूल की कक्षा नौ की सताक्षी सारस्वत और ओएलएफ के कक्षा आठ के छात्र केयन का चयन किया गया। दोनों के लिए यह जिंदगी का पहला हवाई अनुभव था। सताक्षी ने बताया कि पहली बार विमान में उड़ना बेहद रोमांचक रहा। उन्होंने इस अनुभव के लिए चयन किए जाने पर आयोजकों और सेना की टीम का आभार जताया। केएन ने भी अपनी पहली उड़ान को यादगार बताते हुए कहा कि आसमान से दुनिया देखना बेहद शानदार अनुभव रहा। वंदे मातरम् के साथ एकता का संदेश लेकर निकली सेना अभियान के नेतृत्वकर्ता कर्नल राहुल मनकोटिया हैं। उनके साथ लेफ्टिनेंट कर्नल संदीप, लेफ्टिनेंट कर्नल जगदीप और मेजर सुयांशु मलिक समेत 15 वायुसेना कर्मियों का दल है। मेजर सुयांशु मलिक ने बताया कि वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने पर यह अभियान शुरू किया गया है। इसका उद्देश्य देश के अलग-अलग हिस्सों में पहुंचकर युवाओं को राष्ट्रीय एकता, देशभक्ति और भारतीय सेना के प्रति जागरूक करना है। बच्चों को विमानन क्षेत्र की संभावनाओं से परिचित कराना भी इसका हिस्सा है। गया से बेंगलुरु तक 4443 किमी की उड़ान 16 नवंबर को बिहार के गया से शुरू हुआ यह अभियान 21 उड़ान दिवसों में करीब 4443 किलोमीटर की दूरी तय करेगा। तीनों माइक्रोलाइट विमान 3 दिसंबर को बेंगलुरु पहुंचेंगे। अलीगढ़ में करीब दो घंटे तक चले कार्यक्रम के बाद टीम सैफई के लिए रवाना हो गई। सैफई के बाद झांसी में रात का ठहराव होगा। अभियान का समापन 9 दिसंबर को बेंगलुरु में विशेष एयर शो के साथ होगा। ये रहीं खास बातें * आसमान में सेना के विमान, नीचे बच्चों की निगाहें; पहली बार देखा माइक्रोलाइट एयरक्राफ्ट। * वंदे मातरम् के 150 साल पर अलीगढ़ पहुंचा सेना का राष्ट्रीय एकता उड़ान अभियान। * आठवीं से दसवीं तक के बच्चों को दिखाए गए सेना के तीन माइक्रोलाइट विमान। * कृष्णा इंटरनेशनल की सताक्षी और ओएलएफ के केएन ने पहली बार भरी हवाई उड़ान। * बच्चों ने कॉकपिट, विमान की तकनीक और उड़ान की बारीकियां समझीं। * कर्नल राहुल मनकोटिया के नेतृत्व में चार अधिकारी और 15 वायुसेना कर्मी अभियान में शामिल। * करीब दो घंटे के आयोजन के बाद टीम तीनों विमानों के साथ सैफई रवाना। * गया से बेंगलुरु तक 4443 किलोमीटर का सफर तय कर 3 दिसंबर को पहुंचेगी टीम।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)