मेरठ में जादू के जरिए ट्रैफिक नियम समझाए:एसपी ट्रैफिक राजेश श्रीवास्तव रहे मौजूद, हेलमेट और सीट बेल्ट लगाने की अपील
मेरठ में यातायात माह के तहत ट्रैफिक पुलिस की ओर से लगातार लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। पुलिस अलग-अलग तरीकों से लोगों को सड़क सुरक्षा का महत्व समझा रही है, ताकि सड़क हादसों पर अंकुश लगाया जा सके। इसी क्रम में गुरुवार को शहर के प्रमुख चौराहे बेगमपुल पर अनोखे अंदाज में यातायात जागरूकता अभियान चलाया गया। यहां जादू के माध्यम से लोगों को ट्रैफिक नियमों का पालन करने का संदेश दिया गया। अभियान के दौरान एसपी ट्रैफिक राजेश श्रीवास्तव मौजूद रहे। उन्होंने यातायात पुलिस की टीम के साथ राहगीरों और आसपास मौजूद लोगों को यातायात नियमों की जानकारी दी। इस दौरान एक जादूगर को भी अभियान में शामिल किया गया। जादूगर ने अपने अलग-अलग जादुई करतब दिखाकर लोगों का ध्यान आकर्षित किया। जादू देखने के लिए चौराहे पर लोगों की भीड़ जुट गई। जादू के करतबों के बीच लोगों को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का महत्व भी समझाया गया। जादूगर ने मनोरंजक अंदाज में लोगों को बताया कि सड़क पर थोड़ी सी लापरवाही भी बड़े हादसे की वजह बन सकती है। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनना, कार में सीट बेल्ट लगाना, रेड लाइट का पालन करना और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करना बेहद जरूरी है। इसके साथ ही तेज रफ्तार से वाहन चलाने और गलत दिशा में गाड़ी ले जाने से बचने की अपील की गई। एसपी ट्रैफिक राजेश श्रीवास्तव ने लोगों से अपील की कि यातायात नियमों को केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि अपनी और दूसरों की जान सुरक्षित रखने के लिए अपनाएं। उन्होंने कहा कि यातायात माह के दौरान जागरूकता अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस का प्रयास है कि लोग नियमों के प्रति जागरूक हों और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाने में अपनी जिम्मेदारी निभाएं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)