महिला के सिर पर वार कर गला कसकर हत्या:फतेहपुर में पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर, गले और चेहरे पर पांच-छह चोटों के निशान मिले
ललौली थाना क्षेत्र के सातआना मोहल्ले के अलीयाबाग में बुजुर्ग महिला की हत्या के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आई है। रिपोर्ट के मुताबिक, वारदात के दौरान महिला ने बदमाशों का विरोध किया था। इसी दौरान उसके सिर पर किसी भारी वस्तु से हमला किया गया। सिर में अंदरूनी चोट आने के बाद उसका गला कस दिया गया। महिला के चेहरे, सिर और गले पर पांच से छह चोटों और खरोंच के निशान मिले हैं। अलीयाबाग निवासी बिलकिसा बेगम (62) की बृहस्पतिवार रात हत्या कर बदमाश घर में रखी अलमारियों से नकदी और जेवर लूट ले गए थे। पुलिस को उनका शव बरामदे में तख्त पर पड़ा मिला था। बायां हाथ और पैर दुपट्टे से बंधे थे। गले पर शॉल से कसने के निशान भी मिले थे। घटनास्थल पर तख्त पर खून के निशान मिले थे। देखिए तीन तस्वीरें… मुंबई से लौटे बेटे ने दर्ज कराई प्राथमिकी मुंबई से लौटे बड़े बेटे नसीम खान उर्फ नियाज खान ने हत्या और लूट की प्राथमिकी दर्ज कराई है। उसके मुताबिक, बदमाश मां के सात तोला सोने और एक किलो 650 ग्राम चांदी के जेवर ले गए। इसके अलावा पत्नी शहर बानो और छोटे भाई मुस्तकीम की पत्नी हिना के करीब आठ तोला सोने के जेवर, एक किलो चांदी और 45 हजार रुपये नकद भी लूट लिए। लूटे गए जेवरों में सोने की चेन, पांच अंगूठियां, तीन मंगलसूत्र, दो जोड़ी झुमकी, मंगटीका, चूड़ियां, झाला और टॉप्स समेत चांदी के कई आभूषण शामिल हैं। इनकी कीमत करीब 26 लाख रुपये बताई गई है। सिर में चोट लगने से कोमा में चली गई थीं पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर में अंदरूनी चोट की पुष्टि हुई है। आशंका है कि विरोध के दौरान बदमाशों ने महिला के सिर पर किसी ठोस वस्तु से प्रहार किया और फिर गला कस दिया। इससे वह कोमा में चली गई और उनकी मौत हो गई। सीओ अवनीश राय ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर में चोट और गला कसकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई है। मुंबई जाने पर बड़े बेटे के पास रहती थीं महिला बिलकिसा बेगम की पहली शादी करीब 42 साल पहले शमीम खान से हुई थी। उनसे एक बेटा नसीम उर्फ नियाज हुआ। बेटे के जन्म के बाद दोनों का तलाक हो गया था। इसके करीब छह साल बाद महिला का दूसरा निकाह बांदा के सुभाष नगर निवासी सलाउद्दीन खान से हुआ। शादी के पांच साल बाद बीमारी से सलाउद्दीन की मौत हो गई। उनसे एक बेटा मुस्तकीम है। महिला की बड़े बेटे नसीम और बहू शहर बानो से अधिक नजदीकी थी। मुंबई जाने पर वह बड़े बेटे के पास ही रहती थीं। जांच के लिए पुलिस ने एक नई टीम लगी मामले की जांच के लिए पुलिस ने एक नई टीम भी लगाई है। इसमें ललौली थाने में पहले तैनात रहे थानाध्यक्ष एसआई दुर्वेश राय और पुराने पुलिसकर्मियों को शामिल किया गया है। पुलिस के मुताबिक, कुछ संदिग्ध गांव में मौजूद नहीं हैं। टीम ग्रामीणों से संपर्क कर जानकारी जुटा रही है। एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि पुलिस टीमें संदिग्धों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही हैं। हत्या-लूटकांड में पांच संदिग्धों की लोकेशन ट्रेस, एक हिरासत में बिलकिसा बेगम की हत्या और लूट के मामले में सर्विलांस टीम ने पांच संदिग्धों की लोकेशन घटनास्थल के आसपास ट्रेस की है। पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। संदिग्ध ललौली कस्बे, सातआना और अलीयाबाग के बताए जा रहे हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)