एटा में रोडवेज-बसों की संख्या 40 से बढ़ाकर 56 की:दिल्ली, फर्रुखाबाद, अलीगंज और मैनपुरी रूट पर बढ़े फेरे; कर्मचारियों की छुट्टियां रद
दीपावली के त्योहार पर यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए एटा में रोडवेज बसों का संचालन बढ़ा दिया गया है। बसों की संख्या 40 से बढ़ाकर 56 कर दी गई है। दिल्ली, फर्रुखाबाद, अलीगंज और मैनपुरी रूट पर बसों के फेरे भी बढ़ाए गए हैं। परिवहन निगम ने 6 से 17 नवंबर तक चालकों, परिचालकों और अन्य कर्मचारियों की छुट्टियां मंजूर नहीं करने का फैसला लिया है, ताकि त्योहार के दौरान बसों का शत-प्रतिशत संचालन किया जा सके। परिवहन निगम एटा के एआरएम प्रदीप कुमार यादव ने बताया कि धनतेरस, छोटी दिवाली, बड़ी दिवाली और भैया दूज पर यात्रियों की संख्या बढ़ जाती है। इसे देखते हुए अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की गई है। इस अवधि में सभी बसों का शत-प्रतिशत संचालन कराया जाएगा, जिससे यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में परेशानी न हो। 3 हजार किमी बस चलाने पर मिलेगा 4,400 रुपए इनाम त्योहार के दौरान अधिक बस संचालन करने वाले कर्मचारियों को प्रोत्साहन राशि भी दी जाएगी। 6 से 17 नवंबर के बीच 3 हजार किलोमीटर से ज्यादा बस चलाने वाले चालकों और परिचालकों को 4,400 रुपए इनाम मिलेगा। वहीं, वर्कशॉप में काम करने वाले बाबू और तकनीकी स्टाफ को एकमुश्त 2,500 रुपए दिए जाएंगे। जाम से निपटने के लिए लागू किया डायवर्जन शहर में त्योहार के दौरान जाम की समस्या से निपटने के लिए डायवर्जन लागू किया गया है। परिवहन विभाग ने पुलिस और एआरटीओ के साथ समन्वय किया है। चालकों और परिचालकों की काउंसलिंग कर उन्हें तेज रफ्तार से बस नहीं चलाने और यात्रियों को निर्धारित स्थान पर ही चढ़ाने-उतारने के निर्देश दिए गए हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)