महोबा में समर्सिबल पंप के बंटवारे पर भाइयों में मारपीट:लाठी-डंडे और कुल्हाड़ी से हमले में 3 घायल, 4 पर केस दर्ज

Oct 26, 2026 - 10:32
0
महोबा में समर्सिबल पंप के बंटवारे पर भाइयों में मारपीट:लाठी-डंडे और कुल्हाड़ी से हमले में 3 घायल, 4 पर केस दर्ज
महोबा के चरखारी कोतवाली क्षेत्र के लुहारी गांव में समर्सिबल पंप के हिस्से को लेकर हुए मारपीट में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। घरेलू विवाद के दौरान दो सगे भाइयों में हुए झगड़े में लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमले किए गए, जिसमें एक पक्ष के तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने पीड़िता सहदेवी की तहरीर पर मुख्य आरोपी देवर समेत चार लोगों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। महोबा जिले में पारिवारिक रंजिश और संपत्ति के बंटवारे का खौफनाक रूप देखने को मिला है। चरखारी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम लुहारी में 25 अक्टूबर रविवार को समर्सिबल के हिस्से को लेकर दो सगे भाइयों के परिवारों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि बात खून-खराबे पर उतर आई। घरेलू बंटवारे के इस झगड़े के दौरान जब अर्जुन सिंह ने अपने भाई दौलत से अपने हिस्से की समर्सिबल पंप मांगा, तो आरोपी दौलत बौखला गया। उसने अपने साथियों जयपाल, धरम और ओमप्रकाश के साथ मिलकर अर्जुन, उसके साले जसवंत और इंद्रपाल पर लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से अचानक हमला बोल दिया। इस मारपीट में जसवंत के सिर पर गंभीर चोटें आईं और उसका हाथ भी टूट गया। घटना के बाद घायलों को तुरंत चरखारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर जसवंत को जिला अस्पताल महोबा रेफर कर दिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए घायल अर्जुन की पत्नी सहदेवी ने चरखारी कोतवाली में लिखित शिकायत दी। कोतवाली प्रभारी राहुल मिश्रा ने सोमवार समय 9 बजे बताया कि पुलिस ने नामजद आरोपियों दौलत, जयपाल, धरम और ओमप्रकाश के खिलाफ बीएनएस की धारा 110, 115(2) और 117(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई और आरोपियों की तलाश में जुटी है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User