मीरा राठौर फांसी का फंदा लेकर डीएम कार्यालय पहुंचीं:बोलीं- दोषी महिलाओं को फांसी देने का मौका मुझे मिले, डीएम को सौंपा ज्ञापन
मथुरा में जिलाधिकारी कार्यालय पर शनिवार को एक अनोखा नजारा देखने को मिला। अखिल भारत हिंदू महासभा की जिलाध्यक्ष मीरा राठौर काले जल्लाद वाले कपड़े पहनकर हाथों में फांसी का फंदा लेकर पहुंचीं। उनके साथ कई अन्य लोग भी मौजूद रहे। मीरा राठौर ने मेरठ के चर्चित नीले ड्रम हत्याकांड की आरोपी मुस्कान और पति की हत्या के लिए सांप से डसवाने के मामले में दोषी महिला को फांसी देने के दौरान खुद जल्लाद बनने का अवसर देने की मांग की। इस संबंध में उन्होंने जिलाधिकारी के नाम ज्ञापन सौंपा। मीरा राठौर ने कहा कि महिलाओं द्वारा अपने पतियों की हत्या करने की घटनाएं समाज को झकझोर रही हैं। मेरठ में मुस्कान द्वारा अपने पति साहिल की हत्या कर शव को नीले ड्रम में छिपाने का मामला चर्चा में है। वहीं, दूसरे मामले में पति की हत्या के लिए सांप से डसवाने का आरोप भी गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाओं से समाज में महिलाओं की छवि प्रभावित होती है। ऐसे जघन्य अपराधों में दोष सिद्ध होने पर कानून के अनुसार सख्त सजा मिलनी चाहिए। महिला होकर महिला को फांसी देने की जताई इच्छा मीरा राठौर ने ज्ञापन के माध्यम से मांग की कि यदि संबंधित मामलों में दोषी महिलाओं को मथुरा जेल में फांसी दी जाती है,तो उन्हें जल्लाद की भूमिका निभाने का अवसर दिया जाए। उनका कहना था कि एक महिला होकर वह दूसरी महिला को फांसी देने के लिए तैयार हैं।इसी मांग को लेकर वह काले कपड़े पहनकर और हाथों में फांसी का फंदा लेकर जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचीं। नारेबाजी कर सौंपा मांगपत्र जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर मीरा राठौर और उनके साथ आए लोगों ने नारेबाजी की तथा प्रशासनिक अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। हाथों में फांसी का फंदा लेकर पहुंचे प्रतिनिधिमंडल को देखकर कार्यालय परिसर में मौजूद लोग भी इस अनोखी मांग को लेकर चर्चा करते नजर आए। मीरा राठौर ने प्रशासन से अपनी मांग पर विचार करने की अपील की। हालांकि, किसी दोषी को फांसी देने और जल्लाद की नियुक्ति की प्रक्रिया निर्धारित कानूनी नियमों के तहत संबंधित अधिकारियों द्वारा तय की जाती है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)