लखनऊ में बांटे गए सोनभद्र के उत्पादों से बने गिफ्ट:लखनऊ में 'सोन अर्थ' ब्रांड से ग्रामीण महिलाओं के उत्पादों को मिलेगी नई पहचान

Oct 24, 2026 - 16:31
0
लखनऊ में बांटे गए सोनभद्र के उत्पादों से बने गिफ्ट:लखनऊ में 'सोन अर्थ' ब्रांड से ग्रामीण महिलाओं के उत्पादों को मिलेगी नई पहचान
स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के हुनर को बाजार तक पहुंचाने की सोनभद्र जिला प्रशासन की पहल अब व्यापक पहचान की ओर बढ़ रही है। लखनऊ में आयोजित आईएएसओडब्ल्यूए के कार्यक्रम में सोनभद्र के स्थानीय उत्पादों से तैयार गिफ्ट हैंपर वरिष्ठ अधिकारियों को भेंट किए गए। इस पहल के जरिए ग्रामीण महिलाओं के उत्पादों की गुणवत्ता, पारंपरिक हुनर और आर्थिक आत्मनिर्भरता के प्रयासों को सामने रखागया। कार्यक्रम में आकांक्षा समिति की अध्यक्ष एवं आईएफएस अधिकारी आरुषि मिश्रा ने स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के साथ उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव एसपी गोयल, पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण, अपर मुख्य सचिव मुख्यमंत्री संजय प्रसाद, खनन निदेशक उज्ज्वल कुमार और एनआरएलएम के निदेशक अरुण कुमार को ‘सोन अर्थ’ गिफ्ट हैंपर भेंट किए। इस दौरान आरुषि मिश्रा ने अधिकारियों को सोनभद्र के स्थानीय उत्पादों की ब्रांडिंग, आकर्षक पैकेजिंग और बाजार तक पहुंच बढ़ाने के लिए जिला प्रशासन की ओर से किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ग्रामीण महिलाओं द्वारा तैयार प्राकृतिक और पारंपरिक उत्पादों को केवल स्थानीय बाजार तक सीमित रखने के बजाय व्यापक बाजार उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है। ‘सोन अर्थ’ ब्रांड से बढ़ेगी उत्पादों की पहचान जिले के स्थानीय उत्पादों को एक विशिष्ट पहचान दिलाने के लिए ‘सोन अर्थ’ ब्रांड विकसित किया जा रहा है। इसके तहत चयनित उत्पादों को आकर्षक पैकेजिंग और नए कलेवर में बाजार में उतारने की तैयारी है। उत्पादों की गुणवत्ता, बेहतर विपणन और व्यावसायिक संभावनाओं को बढ़ाने पर भी ध्यान दिया जा रहा है। ब्रांड के लोगो और प्रोमो की लॉन्चिंग जल्द प्रस्तावित है। जिला प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के उत्पादों की मांग बढ़ाना, उन्हें नए बाजारों से जोड़ना और उनकी आमदनी में वृद्धि करना है। इससे ग्रामीण महिलाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी विकसित हो सकते हैं। वरिष्ठ अधिकारियों ने जिलाधिकारी चर्चित गौड़ और मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने उम्मीद जताई कि ‘सोन अर्थ’ ब्रांड सोनभद्र के उत्पादों को नई पहचान देने के साथ महिलाओं की आर्थिक समृद्धि का माध्यम बनेगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User