मिशन कर्मयोगी के तहत सरकारी प्रशिक्षण संस्थानों का होगा कायाकल्प:लखनऊ में आज से दो दिवसीय कार्यशाला, सीएम योगी करेंगे उद्घाटन, 8 राज्यों और 4 केंद्रशासित प्रदेशों के अधिकारी होंगे शामिल
सरकारी अधिकारियों को बेहतर प्रशिक्षण देने और सरकारी प्रशिक्षण संस्थानों को आधुनिक बनाने की तैयारी है। इसके लिए शुक्रवार को लखनऊ के लोकभवन में साधना श्रृंखला-2026 की दो दिवसीय कार्यशाला शुरू होगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इसका उद्घाटन करेंगे। क्षमता विकास आयोग की ओर से उत्तर प्रदेश सरकार के सहयोग से आयोजित इस कार्यशाला में सरकारी अधिकारियों की काम करने की क्षमता बढ़ाने और प्रशिक्षण के तरीकों में सुधार पर चर्चा होगी। कार्यशाला में केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह भी शामिल होंगे। इसमें आठ राज्यों और चार केंद्रशासित प्रदेशों के वरिष्ठ अधिकारी, प्रशिक्षण संस्थानों के प्रमुख और विशेषज्ञ हिस्सा लेंगे। बैठक में इस बात पर चर्चा होगी कि सरकारी अधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियों के हिसाब से किस तरह बेहतर प्रशिक्षण दिया जाए, जिससे वे अपना काम अधिक प्रभावी तरीके से कर सकें। 12 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के प्रतिनिधि जुटेंगे कार्यशाला में उत्तर प्रदेश, बिहार, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, पंजाब, राजस्थान और उत्तराखंड के अधिकारी शामिल होंगे। इसके अलावा दिल्ली, चंडीगढ़, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के प्रतिनिधि भी हिस्सा लेंगे। बैठक में प्रशिक्षण संस्थानों की मौजूदा व्यवस्था की समीक्षा की जाएगी। साथ ही, उनकी कमियों को दूर करने और सुधार के लिए समयसीमा तय करने पर भी चर्चा होगी। प्रशिक्षण संस्थानों के बीच तालमेल बढ़ाने, संसाधनों का मिलकर इस्तेमाल करने और अच्छे प्रशिक्षक तैयार करने जैसे मुद्दों पर भी विचार किया जाएगा। ऑनलाइन प्रशिक्षण और एआई के इस्तेमाल पर जोर कार्यशाला में अधिकारियों को ऑनलाइन प्रशिक्षण देने और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के इस्तेमाल पर भी चर्चा होगी। कोशिश होगी कि अधिकारियों को नई तकनीक से जोड़ा जाए और उन्हें समय-समय पर जरूरी प्रशिक्षण मिलता रहे। इस कार्यशाला में तैयार होने वाली योजना को उन्नति पोर्टल से जोड़ने की भी तैयारी है। इस पोर्टल के जरिए देशभर के 700 से अधिक सरकारी प्रशिक्षण संस्थानों को एक मंच पर जोड़ा गया है। इसका उद्देश्य प्रशिक्षण व्यवस्था को आसान बनाना और सरकारी अधिकारियों की कार्यक्षमता बढ़ाना है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)