मऊ पुलिस लाइन में तैनात सिपाही समेत चार गिरफ्तार:दुष्कर्म का झूठा मुकदमा दर्ज कराने की साजिश का खुलासा

Oct 31, 2026 - 13:20
0
मऊ पुलिस लाइन में तैनात सिपाही समेत चार गिरफ्तार:दुष्कर्म का झूठा मुकदमा दर्ज कराने की साजिश का खुलासा
मऊ में दुष्कर्म का झूठा मुकदमा दर्ज कराने की साजिश का पुलिस ने खुलासा किया है। मामले में पुलिस लाइन में तैनात एक आरक्षी समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने पुराने दुष्कर्म मामले की अदालती सुनवाई को प्रभावित करने और पीड़िता के पिता पर दबाव बनाने के लिए साजिश रची थी। चारों को शनिवार सुबह 5:30 बजे सोनीधापा मैदान के पास से गिरफ्तार किया गया। एसपी सर्वेश कुमार मिश्रा ने पुलिस कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले की जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक सर्वेश कुमार मिश्रा के निर्देशन में कोतवाली नगर पुलिस ने यह कार्रवाई की। गिरफ्तार आरोपियों में अयोध्या निवासी आरक्षी विशाल भारती, मऊ निवासी सकीना खातून, बलिया निवासी निसार उर्फ नेसार अहमद और गाजीपुर निवासी जोया उर्फ गुल निहार शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, 23 जुलाई 2026 को सकीना खातून ने मुहम्मदाबाद गोहना क्षेत्र के कोइरियापार निवासी इमरान अहमद के खिलाफ नौकरी दिलाने का झांसा देकर दुष्कर्म करने और धमकी देने का मुकदमा दर्ज कराया था। विवेचना के दौरान पुलिस ने संदिग्ध मोबाइल नंबरों की कॉल डिटेल और अन्य साक्ष्यों का विश्लेषण किया। पुलिस का दावा है कि इससे कथित साजिश का पता चला। जांच में पुलिस के मुताबिक, आरक्षी विशाल भारती ने अपने खिलाफ चल रहे पुराने मुकदमे में दबाव बनाने के लिए सकीना, उसके करीबी निसार और अपनी महिला मित्र जोया के साथ मिलकर साजिश रची थी। वर्ष 2023 में इमरान अहमद की बेटी फिजा खातून ने विशाल भारती के खिलाफ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने और अंतरंग वीडियो वायरल करने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया था। इस मामले में विशाल सात महीने जेल में भी रहा था। फिलहाल मऊ की सेशन कोर्ट में इस मुकदमे की सुनवाई चल रही है। पुलिस के अनुसार, इसी मुकदमे में संभावित सजा से बचने और फिजा के पिता इमरान पर दबाव बनाने के उद्देश्य से उनके खिलाफ दूसरा दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया गया था। मुकदमे में इमरान की नामजदगी गलत मानते हुए बदलीं धाराएं पुलिस ने पुराने मुकदमे में इमरान की नामजदगी को गलत मानते हुए संबंधित धाराओं में बदलाव किया है। अब आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 217, 231 और 61(2) के तहत कार्रवाई की जा रही है। चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। कार्रवाई में कोतवाली नगर पुलिस की टीम शामिल रही। एसपी सर्वेश कुमार मिश्रा ने पुलिस टीम को 10 हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User