मथुरा में 10450 अभ्यर्थियों ने छोड़ी PET परीक्षा:करंट अफेयर्स के सवालों ने उलझाया, 33 केंद्रों पर हुआ एग्जाम
मथुरा में PET-2026 के दूसरे चरण की परीक्षा शुक्रवार को 33 केंद्रों पर दो पालियों में हुई। पेपर देकर बाहर निकले अभ्यर्थियों ने प्रश्नपत्र को आसान बताया। डीआई, रीजनिंग, हिंदी और अंग्रेजी के सवाल सरल रहे, जबकि करंट अफेयर्स के कुछ प्रश्नों ने अभ्यर्थियों को उलझाया। जिले में दोनों पालियों को मिलाकर 10,450 अभ्यर्थी परीक्षा देने नहीं पहुंचे। कंट्रोल रूम के अनुसार, जिले में कुल 14,136 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। पहली पाली में 8,817 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 5,319 अनुपस्थित रहे। इस पाली में 62.37 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई। दूसरी पाली में 9,005 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए और 5,131 अनुपस्थित रहे। इस दौरान 63.70 प्रतिशत उपस्थिति रही। अभ्यर्थियों ने बताया सामान्य स्तर का पेपर परीक्षा देकर बाहर निकले युवाओं ने बताया कि डीआई, रीजनिंग, हिंदी और अंग्रेजी के सवाल समझने में आसान थे। अधिकांश अभ्यर्थियों ने निर्धारित समय में पेपर पूरा कर लिया। हालांकि, करंट अफेयर्स के कुछ सवालों में परेशानी हुई। कुल मिलाकर प्रश्नपत्र का स्तर सामान्य रहा। खराब मौसम के बावजूद केंद्रों पर पहुंचे अभ्यर्थी सुबह से ही परीक्षा केंद्रों के बाहर अभ्यर्थियों की भीड़ जुटने लगी थी। खराब मौसम के बावजूद युवा समय से केंद्रों पर पहुंचे। परीक्षा से पहले कोई किताबों और नोट्स में सवालों के जवाब तलाशता दिखा तो कोई साथियों के साथ प्रश्नों पर चर्चा करता रहा। केंद्रों पर प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र और पहचान पत्र की जांच की गई। दोनों पालियों के दौरान केंद्रों के बाहर गहमागहमी बनी रही। प्रशासन के मुताबिक, जिले में परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)