नोएडा में दूसरी कक्षा के बच्चे से मारपीट:पिता की शिकायत पर एफआईआर, अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज

Oct 30, 2026 - 21:12
0
नोएडा में दूसरी कक्षा के बच्चे से मारपीट:पिता की शिकायत पर एफआईआर, अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज
नोएडा सेक्टर-71 स्थित ग्लोबल इंडियन इंटरनेशनल स्कूल में दूसरी कक्षा के एक छात्र के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। छात्र के पिता ने आरोप लगाया है कि स्कूल में दूसरी कक्षा के बच्चों ने उनके बेटे को बेरहमी से पीटा। घटना में बच्चे को गंभीर चोटें आईं। पिता का आरोप है कि शिकायत करने के बावजूद स्कूल प्रबंधन ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया और सीसीटीवी फुटेज दिखाने में भी आनाकानी की। पीड़ित पिता की शिकायत पर फेज-तीन थाना पुलिस ने स्कूल के अज्ञात बच्चों और प्रबंधन के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सेक्टर-61 स्थित रॉयल गार्डन एस्टेट निवासी चिराग ढिंगरा का बेटा निष्कर्ष ढिंगरा ग्लोबल इंडियन इंटरनेशनल स्कूल में कक्षा दो-ई में पढ़ता है। एफआईआर में दर्ज शिकायत के मुताबिक 27 अक्टूबर की सुबह करीब 7:40 बजे पिता अपने बेटे को स्कूल छोड़कर आए थे। स्कूल का समय सुबह 7:45 बजे से है। कुछ देर बाद बच्चा घर लौट आया और उसने परिजनों को बताया कि कक्षा के बच्चों और दूसरी कक्षा के कुछ छात्रों ने उसे स्कूल के फ्लोर पर गिराकर बुरी तरह पीटा है। बच्चे ने मारपीट के दौरान काफी दर्द होने की बात भी बताई। बेटे की बात सुनकर पिता ने स्कूल प्रबंधन से संपर्क किया और घटना की सच्चाई जानने के लिए सीसीटीवी कैमरों की फुटेज दिखाने की मांग की। आरोप है कि स्कूल प्रबंधन, कक्षा अध्यापक, कोऑर्डिनेटर, वाइस प्रिंसिपल और प्रिंसिपल ने सुबह से शाम तक फुटेज दिखाने में आनाकानी की। शिकायतकर्ता का कहना है कि काफी अनुरोध के बाद भी उन्हें तत्काल फुटेज उपलब्ध नहीं कराई गई। आरोप है कि स्कूल प्रबंधन ने उन्हें मोबाइल बाहर रखने के लिए कहा और इसके बाद फुटेज दिखाई। 20 से 30 मिनट तक की फुटेज देखने का दावा शिकायतकर्ता के मुताबिक, बाद में दिखाई गई सीसीटीवी फुटेज में घटना से जुड़े करीब 20 से 30 मिनट के दृश्य मौजूद थे। उनका दावा है कि फुटेज में बेटे के साथ मारपीट होने की बात सामने आई है। शिकायत में यह भी कहा गया है कि कक्षा में शिक्षिका सुबह 8:05 बजे आती हैं, जबकि बच्चे को सुबह 7:40 बजे स्कूल छोड़ा गया था। पिता ने इस दौरान बच्चों की सुरक्षा और स्कूल की निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही बरतने, मामले को दबाने और सीसीटीवी साक्ष्यों से छेड़छाड़ की आशंका जताते हुए पुलिस से फुटेज सुरक्षित कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। दो धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा पुलिस ने एफआईआर दर्ज की। इसमें भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2) और 125(ए) लगाई गई हैं। एफआईआर में स्कूल के अज्ञात बच्चों और स्कूल प्रबंधन को आरोपी के रूप में दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User