वाराणसी में करंट लगने से 14-साल के किशोर की मौत:दो युवक झुलसे; ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप
वाराणसी के लंका थाना क्षेत्र के नरिया स्थित इमाम चौक के पास रविवार रात लोहे का खंभा हटाने के दौरान करंट लगने से 14 वर्षीय किशोर की मौत हो गई, जबकि दो युवक झुलस गए। हादसे के बाद मृतक के परिजनों ने ठेकेदार पर गंभीर लापरवाही और मनमानी का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि रात में जोखिम भरा काम कराने के कारण यह हादसा हुआ। मृतक की पहचान बजरडीहा के फारूकी नगर निवासी शमशाद (14) पुत्र स्वर्गीय मोहम्मद शहीद के रूप में हुई है। परिजन उसे शेफा नाम से भी पुकारते थे। हादसे में झुलसे इब्राहिम उर्फ राहुल और बबलू का बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के मुताबिक, दोनों की हालत सामान्य है। रात में खंभा हटाने के दौरान हादसा
मृतक के बड़े भाई मोहम्मद गुलजार के मुताबिक, रविवार रात करीब 11:30 बजे ठेकेदार इम्तियाज उनके भाई और चार अन्य लोगों को काम के लिए नरिया ले गया था। वहां एक मकान के पास गली में लगे लोहे के खंभे को हटाया जा रहा था। आरोप है कि मकान मालिक के कहने पर रात में खंभा हटाने का काम कराया जा रहा था। गुलजार का आरोप है कि खंभे में करंट उतर रहा था। इसी दौरान एक व्यक्ति करंट की चपेट में आ गया। उसे बचाने पहुंचे शमशाद को भी करंट लग गया। हादसे में दो अन्य युवक भी झुलस गए। आसपास मौजूद लोगों ने सभी को अस्पताल पहुंचाया, जहां ट्रॉमा सेंटर में चिकित्सकों ने शमशाद को मृत घोषित कर दिया। ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप
मृतक के भाई ने ठेकेदार इम्तियाज पर रात में खतरनाक काम कराने और सुरक्षा के इंतजाम नहीं करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि ऐसे काम दिन में कराए जाने चाहिए थे। परिजनों के मुताबिक, हादसे के बाद उन्होंने ठेकेदार को कई बार फोन किया, लेकिन उसने फोन नहीं उठाया। सुबह करीब 6 से 7 बजे के बीच फोन उठाने पर भी वह संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। परिजनों का आरोप है कि हादसे के बाद से ठेकेदार मौके पर नहीं आया और न ही घायलों की सुध ली। परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
शमशाद के पिता और बड़े भाई की पहले ही मौत हो चुकी थी। वह अपनी मां और बहन के साथ रहता था। किशोर की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों ने हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)