आगरा में डग्गामार बसों के खिलाफ रोडवेज यूनियन का प्रदर्शन:बोले- निगम को खोखला कर रहे प्राइवेट वाहन, 5 चरणों में होगा प्रदर्शन
उत्तर प्रदेश परिवहन निगम बस स्टैंड के आसपास और राष्ट्रीयकृत मार्गों पर धड़ल्ले से चल रहे अवैध और प्राइवेट डग्गामार वाहनों के खिलाफ यूपी रोडवेज इम्प्लाइज यूनियन ने मोर्चा खोल दिया है। यूनियन ने सोमवार को जिला और मंडल स्तर के अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर प्रभावी कार्रवाई की मांग की। यूनियन का कहना है शासनादेश है कि परिवहन निगम के बस स्टैंड से 1 किलोमीटर की परिधि में कोई भी निजी बस स्टैंड या टैक्सी स्टैंड संचालित नहीं होगा। साथ ही कॉन्ट्रैक्ट कैरिज के रूप में चल रहे अवैध स्टेज कैरिज वाहनों पर रोक लगाई जाए। लेकिन इन आदेशों के बावजूद बड़ी संख्या में डग्गामार वाहन चल रहे हैं।
यूनियन पदाधिकारियों ने बताया कि अवैध संचालन से परिवहन निगम को भारी राजस्व का नुकसान हो रहा है। इस मुद्दे को लेकर 7 अक्टूबर 2026 को प्रांतीय अध्यक्ष श्रद्धेय पं. रामजी त्रिपाठी (पीठाधीश्वर, गंगा रक्षा पीठ, भारत) की अध्यक्षता में प्रदेश कार्य समिति की बैठक हुई थी। बैठक में तय हुआ था कि सभी शाखाओं और क्षेत्रों में अधिकारियों के माध्यम से शासन को ज्ञापन दिया जाएगा। इसी क्रम में 13 अक्टूबर 2026 को प्रबंध निदेशक को पत्र भेजा गया था। इसके बाद 17 अक्टूबर 2026 को आगरा क्षेत्र की क्षेत्रीय प्रबंध समिति की बैठक हुई, जिसमें प्रांतीय नेतृत्व के निर्णय का समर्थन करते हुए डग्गामार वाहनों के खिलाफ ज्ञापन देने का फैसला लिया गया। यूनियन ने चेतावनी दी है कि अगर बस स्टैंडों के निकट और मुख्य पिकिंग पॉइंट्स पर अवैध वाहनों के संचालन पर जल्द रोक नहीं लगी, तो प्रांतीय अध्यक्ष के आह्वान पर आंदोलन किया जाएगा। यूनियन के सभी कर्मचारी प्रांतीय निर्णय का शत-प्रतिशत पालन करेंगे। ज्ञापन के दौरान यूनियन का प्रतिनिधिमंडल मौजूद रहा और उन्होंने निगम व जनहित में कार्रवाई की मांग की। विजेंद्र सिंह ने बताया कि पहले चरण का प्रदर्शन पूरा हो चुका है। दूसरे चरण में सोमवार को अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा गया है। बाकी बचे तीन चरणों में डीएम और आरटीओ कार्यालय पर प्रदर्शन कर अधिकारियों की आंखें खोलने का काम किया जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)