नानी-नाती हत्याकांड में दिल्ली से कनेक्शन खंगाल रही बदायूं पुलिस:दिल्ली से जुड़े संपर्कों की जांच, वारदात से दो दिन पहले गांव लौटी थीं महिला
बदायूं के बिनावर थाना क्षेत्र के कान्हा नगला में नानी-नाती की हत्या की गुत्थी अब तक नहीं सुलझ सकी है। पुलिस गांव से लेकर दिल्ली तक छानबीन कर चुकी है, लेकिन न कातिल का सुराग मिला और न ही हत्या की वजह सामने आई। कॉल डिटेल खंगालने के बाद भी जांच किसी नतीजे तक नहीं पहुंची तो अब पुलिस दिल्ली से जुड़े कनेक्शन तलाश रही है। इसके लिए एक टीम दिल्ली भेजी गई है, जो वहां कई पहलुओं पर छानबीन कर रही है। दरअसल, मृतका नियाज बानो वारदात से महज दो दिन पहले ही दिल्ली से गांव लौटी थीं। उनके दोनों बेटे इमरान और इरफान दिल्ली में रहकर सिलाई का काम करते हैं। बेटे और दामाद बदायूं आ गए उनके दामाद भी दिल्ली में रहते हैं। 14 नवंबर को हत्या की जानकारी मिलने के बाद बेटे और दामाद बदायूं आ गए थे। अब पुलिस दिल्ली पहुंचकर नियाज बानो के वहां रहने के दौरान के संपर्कों और गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है। पुलिस की कोशिश है कि दिल्ली से कोई ऐसी कड़ी मिल जाए, जिससे दोहरे हत्याकांड की वजह और हत्यारों तक पहुंचा जा सके। गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि 14 नवंबर की सुबह नियाज बानो का शव घर में जमीन पर पड़ा मिला था, जबकि उनके आठ वर्षीय नाती अफनान की लाश बिस्तर पर मिली थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दोनों की गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई थी। अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी। कई दिन की छानबीन और पूछताछ के बाद भी हत्याकांड का खुलासा नहीं हो सका है। अब दिल्ली में चल रही पड़ताल से पुलिस को किसी अहम सुराग की उम्मीद है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)