नोएडा मेट्रो की लिफ्ट में फंसने पर तुरंत मिलेगी मदद:एक्वा लाइन के 21 स्टेशनों की 85 लिफ्ट होंगी कैमरों से लैस, नए साल से शुरू होगा काम

Nov 09, 2026 - 06:09
0
नोएडा मेट्रो की लिफ्ट में फंसने पर तुरंत मिलेगी मदद:एक्वा लाइन के 21 स्टेशनों की 85 लिफ्ट होंगी कैमरों से लैस, नए साल से शुरू होगा काम
मेट्रो स्टेशन की लिफ्ट में तकनीकी खराबी आने पर अब यात्रियों को मदद के लिए ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। लिफ्ट में फंसने वाले यात्रियों पर अब कंट्रोल रूम से सीधे नजर रखी जा सकेगी। इसके लिए नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (एनएमआरसी) ने एक्वा लाइन के सभी स्टेशनों की लिफ्ट में कैमरे लगाने का फैसला किया है। हर लिफ्ट में एक कैमरा लगाया जाएगा। करीब 85 लिफ्ट में कैमरे लगाने की तैयारी है। एनएमआरसी अधिकारियों के मुताबिक, कैमरे लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जल्द ही इसके लिए टेंडर जारी किया जाएगा। उम्मीद है कि नए साल से कैमरे लगाने का काम शुरू हो जाएगा। काम शुरू होने के दो से तीन महीने के भीतर सभी लिफ्ट में कैमरे लगा दिए जाएंगे। अभी तक मेट्रो स्टेशनों के परिसर के अंदर और बाहर सुरक्षा के लिए कैमरे लगाए गए हैं, लेकिन लिफ्ट के अंदर कैमरे नहीं थे। ऐसे में लिफ्ट में कोई यात्री फंस जाए तो कर्मचारियों को इसकी जानकारी मिलने में समय लग सकता है। कैमरे लगने के बाद कर्मचारी लगातार लिफ्ट की गतिविधियों पर नजर रख सकेंगे। किसी यात्री के फंसने या परेशानी में होने की जानकारी मिलते ही टीम को तत्काल मौके पर भेजा जा सकेगा। 20 मिनट तक लिफ्ट में फंसे रहे थे 10 यात्री लिफ्ट में कैमरे लगाने का फैसला मई में हुई घटना के बाद और महत्वपूर्ण हो गया है। इस साल 6 मई को सेक्टर-76 मेट्रो स्टेशन की लिफ्ट अचानक खराब हो गई थी। इसमें करीब 10 यात्री लगभग 20 मिनट तक फंसे रहे थे। दोपहर के समय हुई इस घटना के दौरान एक बुजुर्ग महिला की तबीयत भी खराब हो गई थी। सूचना मिलने पर एनएमआरसी की टीम मौके पर पहुंची और यात्रियों को बाहर निकाला। इस घटना के बाद लिफ्ट में कैमरे होने की जरूरत महसूस की गई। अधिकारियों का मानना है कि कैमरे लगे होने से लिफ्ट में फंसे यात्रियों की स्थिति का तुरंत पता चल सकेगा और मदद पहुंचाने में देरी नहीं होगी। 21 स्टेशनों पर लगी हैं करीब 85 लिफ्ट नोएडा-ग्रेटर नोएडा के बीच चलने वाली एक्वा लाइन पर कुल 21 स्टेशन हैं। प्रत्येक स्टेशन पर चार से पांच लिफ्ट लगी हुई हैं। इस तरह पूरी लाइन पर करीब 85 लिफ्ट हैं। एक्वा लाइन का शुभारंभ 25 जनवरी 2019 को हुआ था। इसके अगले दिन 26 जनवरी से आम यात्रियों के लिए मेट्रो सेवा शुरू कर दी गई थी। उस समय स्टेशन परिसर के अधिकांश हिस्सों को सीसीटीवी कैमरों से कवर किया गया था, लेकिन लिफ्ट में कैमरे लगाने की व्यवस्था नहीं की गई थी। ब्लू और मजेंटा लाइन की लिफ्ट में भी नहीं हैं कैमरे नोएडा में दिल्ली मेट्रो की ब्लू और मजेंटा लाइन के स्टेशन भी हैं। ब्लू लाइन नोएडा से द्वारका और मजेंटा लाइन नोएडा से जनकपुरी तक जाती है। इन दोनों लाइनों के नोएडा में कुल 13 स्टेशन हैं। फिलहाल इन स्टेशनों की लिफ्ट में भी कैमरे नहीं लगे हैं। दिल्ली के अधिकांश मेट्रो स्टेशनों की लिफ्ट में भी ऐसी व्यवस्था नहीं होने की बात सामने आई है। मुख्य रेल संरक्षा आयुक्त ने दिए थे निर्देश मुख्य रेल संरक्षा आयुक्त जनक कुमार गर्ग 28 अगस्त को ग्रेटर नोएडा डिपो स्टेशन पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने मेट्रो स्टेशनों पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया था। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्टेशनों की लिफ्ट में कैमरे लगाने के निर्देश दिए थे। इसके बाद एनएमआरसी ने एक्वा लाइन की सभी लिफ्ट में कैमरे लगाने की तैयारी शुरू की है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User