पांच दिन से लापता युवक का गड्ढे में मिला शव:प्रतापगढ़ में भाई और दोस्त पर हत्या का शक, घर से 200 मीटर दूर मिला शव
प्रतापगढ़ में पांच दिन से लापता बृजेंद्र सिंह (24) का शव सोमवार शाम करीब 5:30 बजे मिला। शव घर से लगभग 200 मीटर दूर एक गड्ढे में पड़ा था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में मृतक के दोस्त नीरज सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। शुरुआती पूछताछ में मृतक के भाई और दोस्त पर मिलकर हत्या करने का संदेह सामने आया है। हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग की आशंका भी जताई जा रही है। मामला संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र के प्रतापपुर गांव का है। खेत की रखवाली करने निकला था, वापस नहीं लौटा बृजेंद्र 27 अक्टूबर की रात खेत की रखवाली करने घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। अगले दिन परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में उसकी तलाश की। बड़े भाई वीरेंद्र सिंह की तहरीर पर पुलिस ने 28 अक्टूबर को गुमशुदगी दर्ज की। 29 अक्टूबर को पुलिस को गांव में नहर की पुलिया के पास बृजेंद्र का मोबाइल फोन मिला। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की और उसके दोस्त नीरज सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ की। सोमवार को नीरज की निशानदेही पर पुलिस गांव पहुंची और गड्ढे से शव बरामद किया। भाभी से प्रेम प्रसंग की भी आशंका पुलिस पूछताछ में बृजेंद्र के भाई और उसके दोस्त पर मिलकर हत्या करने का आरोप सामने आया है। वहीं, मृतक की भाभी के साथ प्रेम प्रसंग को भी हत्या की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि, हत्या की वजह और घटना में शामिल लोगों की भूमिका की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। पांच भाइयों और एक बहन में सबसे छोटा था बृजेंद्र पांच भाइयों और एक बहन में सबसे छोटा था। उसके चार भाइयों और बहन की शादी हो चुकी है। परिवार के लोग मजदूरी और खेती-किसानी कर जीवनयापन करते हैं। बृजेंद्र प्राइवेट नौकरी करता था। रक्षाबंधन पर वह घर आया था। करीब एक महीने पहले वह परिजनों को बिना बताए नौकरी की तलाश में राजस्थान चला गया था। वहां उसका हाथ फ्रैक्चर हो गया, जिसके बाद वह वापस घर लौट आया और खेती-किसानी में परिवार का हाथ बंटाने लगा था। युवक की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एसपी दीपक भूकर ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक के दोस्त नीरज सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पूछताछ में मृतक के भाई के साथ मिलकर हत्या किए जाने की बात सामने आ रही है। प्रेम प्रसंग में हत्या की आशंका भी जताई जा रही है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)