फाइनेंस कंपनी में मिला फंदे से लटका युवती का शव:गोरखपुर में मां बोलीं- हत्या करके लटकाई गई बेटी की लाश
गोरखपुर के शाहपुर इलाके की एक फाइनेंस कंपनी के ऑफिस में शनिवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में 20 साल की युवती का शव दुपट्टे के सहारे फंदे से लटकता मिला। बेटी के घर नहीं पहुंचने पर तलाश करते हुए ऑफिस पहुंची मां ने जब अंदर का दृश्य देखा तो उनके होश उड़ गए। वह रोते हुए बोलीं कि मेरी बेटी को मारा गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर, परिजनों ने युवती की हत्या कर शव फंदे से लटकाए जाने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। पुलिस फाइनेंस कंपनी के संचालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अब जानिए पूरा मामला शाहपुर इलाके के तिनकोनिया नंबर एक के भटोलिया निवासी निंकी (20) चार बहनों और एक भाई में तीसरे नंबर पर थी। उसके पिता राजमन राजभर इलेक्ट्रिक वेल्डिंग का काम करते हैं। निंकी 2 साल से घर से लगभग आधा किलोमीटर दूर ईस्टर्नपुर कॉलोनी स्थित सम्यति उत्कृष्टम फाइनेंस कंपनी में काम कर रही थी। वह कंपनी में लोगों को लोन दिलाने और रुपये जमा कराने का काम करती थी। देर होने पर घरवाले खोजने निकले मां विमला देवी ने बताया कि उनकी बेटी रोजाना काम खत्म करने के बाद शाम करीब सात बजे तक घर पहुंच जाती थी। शनिवार को रात 9:30 बजे तक घर नहीं लौटने पर वह उसकी तलाश करते हुए ऑफिस पहुंचीं। वहां ऑफिस का शटर आधा गिरा हुआ था। अंदर जाकर देखा तो बेटी का शव दुपट्टे के सहारे फंदे से लटक रहा था। यह देखकर वह चीखते हुए बाहर निकलीं। शोर सुनकर आसपास के लोग और गांव के लोग भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया शव
पुलिस मौके पर पहुंचकर शव को नीचे उतरवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस दौरान परिजनों और ग्रामीणों ने हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। पुलिस ने रात में समझा-बुझाकर उन्हें घर भेज दिया। रविवार सुबह फिर बड़ी संख्या में परिजन और ग्रामीण ऑफिस के बाहर जुट गए और हंगामा शुरू कर दिया। उनका आरोप था कि युवती की हत्या करने के बाद शव को फंदे से लटकाया गया है। पुलिस ने लोगों को समझाने का प्रयास किया। करीब दो घंटे बाद परिजन शांत हुए और घर लौट गए। परिजनों ने पुलिस को तहरीर भी दी है। कंपनी संचालक से पुलिस कर रही पूछताछ बताया जा रहा है कि फाइनेंस कंपनी का ऑफिस चौरीचौरा क्षेत्र के रहने वाले सूरज यादव द्वारा संचालित किया जाता है। वह सूरजकुंड के पास किराये के कमरे में रहता है। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। फिलहाल युवती की मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)