फाइनल खेले बिना पाकिस्तान को दी ब्लाइंड एशिया कप ट्रॉफी:भारतीय टीम ने सेरेमनी का बहिष्कार किया; आरोप- पाकिस्तानी अफसर ने संयुक्त विजेता का फैसला पलटा

Nov 20, 2026 - 17:41
0
फाइनल खेले बिना पाकिस्तान को दी ब्लाइंड एशिया कप ट्रॉफी:भारतीय टीम ने सेरेमनी का बहिष्कार किया; आरोप- पाकिस्तानी अफसर ने संयुक्त विजेता का फैसला पलटा
भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट का विवाद अब ब्लाइंड क्रिकेट तक पहुंच गया है। बांग्लादेश के ढाका में खेले जाने वाले मेंस एशिया कप फॉर द ब्लाइंड का फाइनल बारिश के कारण नहीं हो सका। इसके बावजूद पाकिस्तान को टूर्नामेंट का विजेता घोषित कर दिया गया। इसके विरोध में भारतीय टीम ने ट्रॉफी सेरेमनी का बहिष्कार किया। भारतीय टीम का कहना है कि जब फाइनल मुकाबला खेला ही नहीं गया, तो पाकिस्तान को अकेले विजेता घोषित करना गलत है। टीम ने इस फैसले पर नाराजगी जताई है। टीम का आरोप है कि वर्ल्ड ब्लाइंड क्रिकेट (WBBC) के अध्यक्ष और पाकिस्तान ब्लाइंड क्रिकेट काउंसिल के प्रमुख सुल्तान शाह ने WBCC की टेक्निकल कमेटी के संयुक्त विजेता घोषित करने के फैसले को पलट दिया। इसके बाद मैच रेफरी को भी यही फैसला सुनाने के लिए मजबूर होना पड़ा। भारत ने कहा- अब पाकिस्तान के साथ नहीं खेलेंगे क्रिकेट एसोसिएशन फॉर द ब्लाइंड इन इंडिया (CABI) के महासचिव शैलेंद्र ने कहा कि जब तक यह विवाद नहीं सुलझता, भारतीय टीम आगे पाकिस्तान के साथ कोई मैच नहीं खेलेगी। भारतीय टीम ने इस फैसले को खेल भावना के खिलाफ बताया है। टीम का विरोध सिर्फ ट्रॉफी को लेकर नहीं, बल्कि फाइनल खेले बिना एक टीम को विजेता घोषित करने के तरीके को लेकर भी है। फाइनल में एक गेंद भी नहीं फेंकी गई, फिर पाकिस्तान कैसे बना चैंपियन? भारत और पाकिस्तान के बीच शुक्रवार को फाइनल खेला जाना था। लेकिन बारिश ने मैच शुरू ही नहीं होने दिया। ऐसे में मैदान पर मुकाबले से विजेता तय करने का मौका नहीं मिला। टूर्नामेंट के नियमों और लीग स्टेज के प्रदर्शन के आधार पर पाकिस्तान को विजेता घोषित किया गया। पाकिस्तान लीग मुकाबलों में बेहतर प्रदर्शन करते हुए पॉइंट्स टेबल में पहले स्थान पर रहा था। भारत दूसरे स्थान पर था। पाकिस्तान के पास 6 अंक थे, जबकि भारत ने 4 अंक हासिल किए थे। इसी आधार पर पाकिस्तान को खिताब दिया गया। भारत ने फाइनल तक कैसे पहुंचा? भारत ने लीग स्टेज में श्रीलंका और बांग्लादेश को हराया। पाकिस्तान के खिलाफ उसे हार का सामना करना पड़ा। भारत-पाकिस्तान के बीच लीग मैच भी बेहद रोमांचक रहा था। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 179/6 रन बनाए थे। कप्तान दुर्गाराव ने 62 रन की पारी खेली, जबकि संजय कुमार शाह ने 30 और डी. वेंकटेश ने 26 रन बनाए। पाकिस्तान को जीत के लिए 180 रन चाहिए थे। कप्तान निसार अली ने 64 रन बनाए और टीम आखिरी ओवर तक मुकाबले में बनी रही। अंतिम 2 गेंदों पर पाकिस्तान को 7 रन चाहिए थे। नियामतुल्लाह ने पांचवीं गेंद पर छक्का और आखिरी गेंद पर चौका लगाकर पाकिस्तान को 1 विकेट से जीत दिला दी। इसी जीत ने पाकिस्तान को फाइनल में पहुंचने की राह मजबूत की। ब्लाइंड क्रिकेट क्या है और इसमें गेंद कैसे पहचानी जाती है? इसमें ऐसे खिलाड़ी हिस्सा लेते हैं जिन्हें बिल्कुल दिखाई नहीं देता या बहुत कम दिखाई देता है। इसलिए इस खेल में गेंद, मैदान और खेलने के तरीके में कुछ बदलाव किए गए हैं, ताकि खिलाड़ी आवाज और दूसरे संकेतों की मदद से खेल सकें। आवाज करने वाली गेंद: गेंद के अंदर छोटे धातु के टुकड़े या बॉल बेयरिंग होते हैं, जो गेंद चलने पर आवाज करते हैं। खिलाड़ी इस आवाज से गेंद की दिशा समझते हैं। अंडरआर्म गेंदबाजी: गेंद को हाथ से नीचे की तरफ फेंका जाता है, ताकि बल्लेबाज उसकी आवाज को आसानी से पहचान सके। खिलाड़ियों की कैटेगरी: खिलाड़ियों को उनकी देखने की क्षमता के आधार पर B1, B2 और B3 कैटेगरी में रखा जाता है। B1 में पूरी तरह दृष्टिहीन खिलाड़ी, B2 में कम दिखाई देने वाले और B3 में अपेक्षाकृत ज्यादा देखने की क्षमता वाले खिलाड़ी होते हैं। टीम में संतुलन जरूरी: टीम में अलग-अलग कैटेगरी के खिलाड़ियों का होना जरूरी है। इससे पूरी तरह दृष्टिहीन और कम दिखाई देने वाले खिलाड़ियों को समान रूप से खेलने का अवसर मिलता है। रन बनाने का नियम: B1 कैटेगरी के बल्लेबाज के बल्ले से निकले रन दोगुने गिने जाते हैं। यह नियम उन्हें खेल में बराबरी का अवसर देने के लिए बनाया गया है। टूर्नामेंट में 5 देशों की टीमें शामिल थीं ब्लाइंड एशिया कप 15 से 20 नवंबर तक बांग्लादेश के ढाका में हो रहा है। टूर्नामेंट में भारत, पाकिस्तान, बांग्लादेश, श्रीलंका और अफगानिस्तान की टीमों को शामिल किया गया था। हालांकि, अफगानिस्तान की टीम प्रतियोगिता में नहीं उतरी और बाकी 4 टीमों के बीच लीग मुकाबले खेले गए।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User