फिरोजाबाद में तीन बहनों की एक साथ उठी अर्थी:बेटियों का चेहरा देख मां बेहोश, बोली- बेटों को राखी कौन बांधेगा, कार ने 5 को रौंदा था
फिरोजाबाद में शरद पूर्णिमा पर रविवार रात हुए हादसे में एक ही गांव के पांच लोगों की मौत हो गई। इनमें तीन सगी बहनें हैं। रात को पांचों शवों का पोस्टमॉर्टम कराया गया। सुबह 9 बजे शव गांव लाए गए तो कोहराम मच गया। पूरे गांव में चूल्हे नहीं जले। तीन बेटियों की लाश देख मां बेहोश हो गई। वो बार-बार यही कहती रही कि हे भगवान ये क्या हो गया। मेरी बेटियों क्या कसूर था। अब मेरे घर को कौन संभालेगा। मेरे बेटों के हाथों में राखी कौन बांधेगा। ये दिन देखने से पहले मुझे मौत क्यों नहीं आ गई। ये कहते हुए वो बेहोश हो गई। रिश्तेदारों ने उन्हें संभाला। इस हादसे में जान गांवाने वाले हरीश उर्फ सोनू (25) की लाश देख पिता को सदमा लगा। बेटे का अंतिम संस्कार होने के बाद पिता की भी जान चली गई। इस हादसे में 4 लड़कियों समेत पांच की जान गई थी। सोनू के पिता की मौत के बाद मृतकों की संख्या 6 हो गई है।
टेसू-झांझी विसर्जन के लिए निकली यात्रा में बेकाबू कार घुसने से पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 लोग घायल हो गए। मृतकों में तीन सगी बहनें भी शामिल हैं। नसीरपुर क्षेत्र के गांव छटनपुर में हुए इस हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने कार सवारों को घेरकर जमकर पीटा। पुलिस ने किसी तरह उन्हें भीड़ से बचाया। तनाव को देखते हुए गांव और अस्पताल में पुलिस बल तैनात किया गया। रविवार रात करीब 9:15 बजे छटनपुर के ग्रामीण सामूहिक रूप से टेसू-झांझी का विवाह कराने के बाद विसर्जन के लिए गांव के बाहर बरी के पेड़ की ओर जा रहे थे।महिला-पुरुष और बच्चे मंगलगीत गाते हुए आगे बढ़ रहे थे। इसी दौरान लखनऊ-एक्सप्रेसवे की ओरसे आई दिल्ली नंबर की बेकाबू ब्रेजा कार ने सड़क किनारे चल रहे ग्रामीणों को रौंद दिया। हादसे में एक बालिका की मौके पर ही मौत हो गई।कार चालक रुकने के बजाय शिकोहाबाद की ओर भाग निकला। ग्रामीण बाइक से पीछा करते हुए करीब नौ किलोमीटर दूर विवेक प्रिया अस्पताल के पास पहुंचे और कार को घेरने की कोशिश की। खुद को घिरता देख चालक ने एक बाइक को टक्कर मारी और वापस घटनास्थल की ओर लौट आया। यहां फिर कार ग्रामीणों पर चढ़ा दी, जिससे कई लोग और घायल हो गए। ग्रामीणों ने कार में सवार चार युवकों को पकड़ लिया और लाठी-डंडों से उनकी पिटाई कर दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उन्हें भीड़ से बचाया। कार सवार नशे में थे। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। हादसे में 15 वर्षीय अंजली, उसकी 17 वर्षीय बहन आकांक्षा, 10 वर्षीय गुन्नू, 17 वर्षीय बबली और 25 वर्षीय हरीश कुमार की मौत हुई है। घायलों में ग्रामीणों के साथ चार कार सवार भी शामिल हैं। कार सवारों की पहचान दिल्ली के वजीरपुर निवासी अकील और इरफान समेत चार युवकों के रूप में हुई है। दो की हालत गंभीर बताई गई है। घायलों को शिकोहाबाद के जिला संयुक्त चिकित्सालय और फिरोजाबाद के सरकारी ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया। डीएम संतोष कुमार शर्मा, एसएसपी आदित्य लांग्हे और अन्य अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)