प्रधानाचार्य भर्ती में अनुभव प्रमाणपत्र पर आयोग की छूट:इंटरव्यू के समय जमा कर सकेंगे, 2011 से पहले प्रवेश वाले अभ्यर्थी भी बन सकेंगे सहायक-अध्यापक

Nov 04, 2026 - 18:38
0
प्रधानाचार्य भर्ती में अनुभव प्रमाणपत्र पर आयोग की छूट:इंटरव्यू के समय जमा कर सकेंगे, 2011 से पहले प्रवेश वाले अभ्यर्थी भी बन सकेंगे सहायक-अध्यापक
उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में प्रधानाचार्य और प्रधानाध्यापक भर्ती के अभ्यर्थियों को अनुभव प्रमाणपत्र जमा करने में राहत दी है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि यदि अभ्यर्थियों को विज्ञापन के परिशिष्ट-2 के निर्धारित प्रारूप के अनुसार सक्षम अधिकारी से अनुमोदित या प्रतिहस्ताक्षरित अनुभव प्रमाणपत्र समय से प्राप्त नहीं हो पा रही है तो वे फिलहाल संबंधित विद्यालय के प्रधानाचार्य से हस्ताक्षर कराकर आवेदन सबमिट कर सकते हैं। आयोग के उपसचिव संजय कुमार सिंह की ओर से 4 नवंबर को जारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि अभ्यर्थी निर्धारित प्रारूप में अनुभव प्रमाणपत्र से संबंधित सभी जरूरी जानकारियां भरकर आवेदन के साथ संलग्न कर सकते हैं। हालांकि, यह केवल आवेदन के समय दी गई छूट है। साक्षात्कार के समय प्रमाणपत्र देना अनिवार्य आयोग ने साफ किया है कि साक्षात्कार और अभिलेख सत्यापन के समय सक्षम अधिकारी द्वारा अनुमोदित और प्रतिहस्ताक्षरित अनुभव प्रमाणपत्र अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करना होगा। ऐसा नहीं करने पर अभ्यर्थी का अभ्यर्थन निरस्त कर दिया जाएगा। इसके बाद उसे प्रमाणपत्र जमा करने के लिए कोई दूसरा अवसर नहीं मिलेगा। यह आदेश आयोग के विज्ञापन संख्या 08/2026 और 09/2026 के तहत प्रधानाचार्य और प्रधानाध्यापक पदों पर आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के लिए जारी किया गया है। 2011 से पहले एडमिशन वाले अभ्यर्थी भी बन सकेंगे सहायक अध्यापक उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने सहायक अध्यापक (स्नातक वेतनक्रम) की भर्ती में भी बड़ी राहत दी है। अब वे अभ्यर्थी भी आवेदन कर सकेंगे, जिन्होंने 29 जुलाई 2011 से पहले बी.एड., प्रारंभिक शिक्षा में स्नातक या समकक्ष कोर्स में दाखिला लिया था। इनके लिए स्नातक स्तर पर न्यूनतम अंक प्रतिशत की शर्त लागू नहीं होगी। आयोग ने कहा कि उत्तर प्रदेश शासन के शासनादेश संख्या-1528/15-05-2026-1600(42)/2026 दिनांक 04.11.2026 के आधार पर यह फैसला लिया गया है। राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद (एनसीटीई) की अधिसूचना और माध्यमिक शिक्षा परिषद, उत्तर प्रदेश की विज्ञप्ति के अनुरूप परिषद नियमों में बदलाव किया गया है।आयोग के विज्ञापन संख्या-07/2026 के तहत प्रदेश के मान्यता प्राप्त एवं अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में सहायक अध्यापक पदों के लिए यह छूट लागू होगी। इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित अंतिम तिथि तक आवेदन कर सकते हैं। प्रधानाचार्य के 1475 पदों पर हो रही भर्ती अशासकीय सहायता प्राप्त (एडेड) इंटर कॉलेजों में प्रधानाचार्य के 1,475 पदों पर भर्ती निकली है (बालक विद्यालयों के लिए 1,318 पद और बालिका विद्यालयों के लिए 157 पद)। इसके अलावा प्रधानाध्यापक के 1,172 पद भी शामिल हैं। वहीं, अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में सहायक अध्यापक (TGT) के कुल 17,735 पदों पर भर्ती निकली है (बालक विद्यालयों के लिए 16,193 पद और बालिका विद्यालयों के लिए 1,542 पद)। इन पदों पर आवेदन करने की अंतिम तारीख 22 नवंबर है। जबकि 7 जनवरी 2027 को इसकी लिखित परीक्षा होगी। परीक्षा में 120 सवाल पूछे जाएंगे। सही जवाब पर 3 अंक मिलेंगे। वहीं गलत जवाब पर 1 अंक की कटौती होगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User