एटा में अवैध सड़क कट बंद कराने के निर्देश:डीएम ने ब्लैक स्पॉट सुधारने और ई-रिक्शा के तय रूट लागू करने को कहा, रोडवेज एआरएम से मांगा जाएगा जवाब
एटा में सड़क सुरक्षा और गड्ढामुक्ति अभियान की समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी एम. अरुन्मोली ने अवैध कट बंद कराने और दुर्घटना की आशंका वाले ब्लैक स्पॉट सुधारने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि काम में लापरवाही पर अधिकारियों की जवाबदेही तय होगी। बुधवार शाम 4:30 बजे कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति और गड्ढामुक्ति अभियान की बैठक हुई। डीएम ने अधिकारियों से फील्ड में जाकर काम की निगरानी करने को कहा। डीएम ने कहा कि अवैध कट दुर्घटनाओं का कारण बन सकते हैं। इन्हें अभियान चलाकर तुरंत बंद कराया जाए। स्थायी कट बंद करने की टेंडर प्रक्रिया में देरी हो तो अस्थायी इंतजाम करके भी कट पूरी तरह बंद किए जाएं। उन्होंने परिवहन विभाग की बसों को तय जगहों पर खड़ा कराने और नियम तोड़ने पर जुर्माना लगाने के निर्देश दिए। रोडवेज बसों की व्यवस्था ठीक न रखने और काम में रुचि न लेने पर एटा के रोडवेज एआरएम से जवाब मांगने को कहा। डीएम ने एआरटीओ को ई-रिक्शा की शत-प्रतिशत पहचान करने और उनके तय रूट जल्द लागू करने के निर्देश दिए। प्रमुख सड़कों और घुमावदार जगहों पर संकेतक बोर्ड लगाने को भी कहा, ताकि वाहन चालकों को रास्ते की जानकारी पहले से मिल सके। गड्ढामुक्ति अभियान की समीक्षा में डीएम ने लोक निर्माण विभाग, आरईडी, जिला पंचायत, खंड विकास अधिकारियों और नगरीय निकायों को काम में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान में सिर्फ कागजी कार्रवाई नहीं चलेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)