प्रयागराज मंडल में धान खरीद के लिए 364 केंद्र बने:5.63 लाख टन खरीद का लक्ष्य, कमिश्नर ने रैंडम जांच के निर्देश दिए
प्रयागराज के कमिश्नर डाॅ. लोकेश एम ने बुधवार को गांधी सभागार में धान खरीद की समीक्षा की। इस वर्ष मंडल में 5,63,000 मीट्रिक टन धान खरीद का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसके लिए चारों जनपदों में 364 क्रय केंद्र स्थापित किए गए हैं। बैठक में मंडलायुक्त ने स्पष्ट किया कि संपूर्ण खरीद प्रक्रिया में पारदर्शिता, समयबद्धता और किसानों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस वर्ष सामान्य धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2,441 रुपये प्रति कुंतल तथा ग्रेड-ए धान का मूल्य 2,461 रुपये प्रति कुंतल तय किया गया है, जबकि खरीद की अवधि एक नवंबर से शुरू होकर 28 फरवरी तक चलेगी। मंडल में तय लक्ष्य के तहत प्रयागराज में 159 केंद्रों के जरिए 2.80 लाख टन, फतेहपुर में 65 केंद्रों पर 1.15 लाख टन, प्रतापगढ़ में 96 केंद्रों पर 1.06 लाख टन और कौशाम्बी में 44 केंद्रों के माध्यम से 62 हजार मीट्रिक टन धान की खरीद की जाएगी। मंडलायुक्त ने सभी अपर जिलाधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे उपजिलाधिकारियों के जरिए दो दिनों में प्रत्येक तहसील के 10-10 क्रय केंद्रों का रैंडम निरीक्षण कराकर सात नवंबर तक अनिवार्य रूप से फोटोग्राफिक रिपोर्ट प्रेषित करें। क्रय केंद्रों पर किसानों के बैठने, पेयजल और बैनर जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही पीसीएसएपी पोर्टल पर निर्धारित 16 बिंदुओं के आधार पर केंद्रों का भौतिक सत्यापन किया जाएगा। मानकों में कमी मिलने पर संबंधित केंद्र प्रभारी को दो दिन का नोटिस देकर व्यवस्थाएं दुरुस्त कराई जाएंगी। समीक्षा के दौरान गत वर्ष की तुलना में मंडल में 15,893 कम किसान पंजीकरण पाए जाने पर मंडलायुक्त ने गहरी नाराजगी जताई और प्रशासनिक अधिकारियों की समर्पित टीम बनाकर अगले 15 दिनों में पिछले साल से अधिक पंजीकरण कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा, किसानों की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए पुराने बकाया भुगतान का तत्काल सत्यापन कराकर लंबित राशि का शीघ्र निस्तारण करने का भी आदेश दिया गया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)