प्रिंस हत्याकांड पर पूर्व डीएम ने उठाए सवाल:17 केसों में आरोपी ने फिर की हत्या, दिव्या मित्तल बोलीं- गोली से अपराधी लंगड़ा होता है, अपराध नहीं
मिर्जापुर के विंध्याचल थाना क्षेत्र के सेमरी गांव में 12 साल के प्रिंस की अपहरण के बाद हत्या से लोग स्तब्ध हैं। इस मामले में जिले की पूर्व डीएम और जन नीति भारत पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष दिव्या मित्तल ने कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने शुक्रवार को सोशल मीडिया पर 4 मिनट 16 सेकेंड का वीडियो जारी कर पुलिस कार्रवाई, अपराधियों को मिलने वाली जमानत और न्यायिक प्रक्रिया में देरी पर जवाब मांगा। दिव्या मित्तल गुरुवार को प्रिंस के परिवार से मिलने पहुंची थीं। इस दौरान मां उनसे लिपटकर रोने लगी। वह बार-बार कहती रही, 'मेरा बेटा वापस ला दो।' मां की पीड़ा देखकर दिव्या मित्तल की आंखें भी भर आईं। वहीं, पिता केशव ने आरोपी पिंटू के एनकाउंटर की मांग की। दिव्या मित्तल ने इस घटना के बहाने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर तीन सवाल उठाए। 17 मुकदमों के आरोपी ने बनाया बच्चे को निशाना दिव्या मित्तल ने वीडियो में बताया कि केशव और कुशमा की शादी के 12 साल बाद मन्नतों के बाद बेटा हुआ था। उसका नाम प्रिंस रखा गया। परिवार उसे राजकुमार की तरह पालता था। आरोप है कि केशव की चाय की दुकान पर आने-जाने वाले पिंटू ने परिवार से नजदीकी बढ़ाई। उसे पता चला कि परिवार ने जमीन का सौदा किया है। इसके बाद उसने प्रिंस को मोटरसाइकिल चलाना सिखाने के बहाने अपने साथ ले जाकर हत्या कर दी और परिवार से 50 लाख रुपये की फिरौती मांगी। उन्होंने कहा कि आरोपी पर पहले से हत्या, लूट समेत 17 आपराधिक मुकदमे दर्ज थे। वर्ष 2020 में भी उस पर अपहरण के बाद हत्या का मुकदमा दर्ज हुआ था। इसके बावजूद वह खुलेआम घूम रहा था। दिव्या मित्तल ने सवाल उठाया कि पहले भी इसी तरह का अपराध करने वाले आरोपी को रोकने के लिए पुलिस और सरकार ने क्या कदम उठाए? एनकाउंटर और बुलडोजर कार्रवाई के नियम क्या हैं? पूर्व डीएम ने कानून व्यवस्था पर पहला सवाल उठाते हुए पूछा कि पुलिस एनकाउंटर में गोली किसे सिर में लगती है, किसे पैर में और किसे छूकर निकल जाती है? इसी तरह बुलडोजर कार्रवाई में किसका घर गिराया जाएगा और किसका बचा रहेगा, इसका आधार क्या है? क्या यह हैसियत, जाति या मीडिया में उठने वाले शोर से तय होता है? उन्होंने कहा कि सरकार ने ही लोगों को यह संदेश दिया है कि अपराध की सजा गोली है। लेकिन कानून व्यवस्था में न्याय सबसे जरूरी है। नीति वही है, जहां न्याय हो और न्याय तभी संभव है, जब नियत और नियम दोनों स्पष्ट हों। अन्यथा वह न्याय नहीं, बल्कि भेदभाव है। 2020 के मुकदमे में अब तक सजा क्यों नहीं हुई? दूसरे सवाल में उन्होंने पूछा कि 17 आपराधिक मुकदमों वाला आरोपी अगली चाय की दुकान पर अपने अगले शिकार की तलाश में कैसे घूम रहा था? अगर उसे जमानत मिली थी तो क्या सरकार ने जमानत का विरोध किया और उसके खिलाफ अपील की? तीसरे सवाल में उन्होंने पूछा कि क्या एनकाउंटर और गोली ही पूरी कानून व्यवस्था की नीति हो सकती है? वर्ष 2020 में भी आरोपी पर इसी तरह के अपराध का मुकदमा दर्ज हुआ था, लेकिन अब तक उसे सजा क्यों नहीं मिली? उन्होंने प्रयागराज पुलिस से विवेचना में लगे समय, चार्जशीट दाखिल करने में हुई देरी और ट्रायल की धीमी गति पर जवाब मांगा। उन्होंने कहा कि न्याय मिलने में पांच से दस साल लगने की आशंका से पीड़ित परिवार का हौसला टूटता है और गवाह भी कमजोर पड़ जाते हैं। ऐसे में आरोपी फिर खुलेआम घूमने लगता है। 90 दिन में चार्जशीट और फास्ट ट्रैक कोर्ट की मांग दिव्या मित्तल ने जन नीति भारत पार्टी की कानून व्यवस्था संबंधी नीति बताते हुए कहा कि अपराध तभी रुकेगा, जब अपराधी को सजा मिलने की गारंटी होगी। इसके लिए अपराध के पहले घंटे से ही आरोपी की तलाश शुरू होनी चाहिए और 90 दिनों में चार्जशीट दाखिल की जानी चाहिए। साथ ही न्याय व्यवस्था में आमूलचूल बदलाव, जजों की भर्ती और गंभीर मामलों के त्वरित निस्तारण के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट की जरूरत है। उन्होंने कहा कि केशव और कुशमा ने 12 साल तक मन्नतें मांगकर बेटा पाया था। आज वे सिर्फ आरोपी को फांसी की सजा मिलने की मांग कर रहे हैं। दिव्या मित्तल ने वीडियो के अंत में कहा, ‘जब गोली लगती है तो ताली मत बजाइए, हिसाब मांगिए। गोली से सिर्फ एक दिन की खबर बनती है, लेकिन पीढ़ियों का इंसाफ न्याय प्रणाली को सही करने से मिलता है। गोली से अपराधी लंगड़ा होता है, अपराध नहीं। अपराध रुकेगा सजा की गारंटी से।’
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)