परिवार न्यायालय के बाहर युवक को पीटा:अलीगढ़ में मुकदमे की पैरवी करने पर जान से मारने की धमकी, पुलिस को कॉल करने के बाद भागे आरोपी

Oct 31, 2026 - 10:51
0
परिवार न्यायालय के बाहर युवक को पीटा:अलीगढ़ में मुकदमे की पैरवी करने पर जान से मारने की धमकी, पुलिस को कॉल करने के बाद भागे आरोपी
दीवानी परिसर स्थित परिवार न्यायालय के बाहर मुकदमे की सुनवाई का इंतजार कर रहे युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि सना, राहत और उनके साथ आए अन्य लोगों ने युवक को पकड़कर लात-घूंसों से पीटा। बीच-बचाव करने पहुंचे लोगों के हस्तक्षेप और डायल 112 पर पुलिस को सूचना देने के बाद आरोपी मौके से भाग गए। जाते समय युवक को मुकदमे की पैरवी करने पर जान से मरवाने की धमकी भी दी गई। मामले में शुक्रवार देर रात सिविल लाइंस थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। कलवारी भुजपुरा निवासी नौमान पुत्र असलम के मुताबिक, 29 अक्टूबर को परिवार न्यायालय कोर्ट संख्या-1 में उनके वाद की सुनवाई थी। वह अपनी पुकार का इंतजार करते हुए कोर्ट के बाहर खड़े थे। इसी दौरान सना, राहत और उनके साथ आए अन्य लोग वहां पहुंच गए। आरोप है कि सभी ने उन्हें घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी। अचानक हुए हमले से वहां अफरा-तफरी मच गई। शिकायत के अनुसार, मौके पर मौजूद मुगीस, अधिवक्ताओं और अन्य लोगों ने बीच-बचाव कर उन्हें आरोपियों से बचाया। इसके बाद पुलिस हेल्पलाइन 112 पर सूचना दी गई। पुलिस को सूचना दिए जाने पर आरोपी वहां से चले गए, लेकिन जाते-जाते धमकी दे गए कि अगर दोबारा मुकदमे की पैरवी करने आए तो जान से मरवा देंगे। नौमान ने आरोपियों से अपनी जान-माल का खतरा बताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की। शिकायत के आधार पर सिविल लाइंस पुलिस ने शुक्रवार रात एफआईआर दर्ज की। इसमें सना, राहत और अन्य अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2), 351(2) और 352 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक मुकेश कुमार को सौंपी गई है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User