महराजगंज में बारिश और हवा से धान की फसल गिरी:खेतों में जलभराव से कटाई रुकी; आलू, मटर और गेहूं की बुवाई में देरी की आशंका

Oct 31, 2026 - 10:51
0
महराजगंज में बारिश और हवा से धान की फसल गिरी:खेतों में जलभराव से कटाई रुकी; आलू, मटर और गेहूं की बुवाई में देरी की आशंका
महराजगंज जिले में चक्रवाती तूफान अर्णव के असर से तेज बारिश और हवाएं चलीं। इससे कटाई के लिए तैयार धान की फसल खेतों में गिर गई। खेतों में पानी भरने से कटाई भी मुश्किल हो गई है। रबी की फसलों की बुवाई में देरी की आशंका है। फरेंदा, नौतनवा, निचलौल, पनियरा और सिसवा में धान की फसल को नुकसान पहुंचने की खबर है। सदर तहसील क्षेत्र में गुरुवार से हो रही बारिश के कारण कई खेतों में पानी भर गया है। तेज हवा और बारिश से गिरी फसल के दानों में नमी आने और उनके अंकुरित होने का खतरा है। इससे धान की गुणवत्ता पर असर पड़ सकता है। किसानों को उपज का सही दाम मिलने में भी परेशानी हो सकती है। किसान सुखदेव, विश्वनाथ, रमेश और जगदीश ने बताया कि धान की खेती में खाद, बीज, सिंचाई और मजदूरी पर काफी खर्च हुआ है। कटाई से ठीक पहले फसल गिरने से नुकसान बढ़ गया है। खेतों में पानी भरा होने के कारण कटाई करना मुश्किल है। किसानों के लिए लागत निकालना भी चुनौती बन सकता है। किसानों को चिंता है कि खेतों में पानी बना रहा तो आलू, सरसों, चना, मटर और गेहूं की बुवाई में देरी हो सकती है। इससे रबी सीजन की फसलों के उत्पादन पर असर पड़ने की आशंका है। खरीफ की तैयार फसल को नुकसान के साथ किसानों को रबी की बुवाई का समय निकलने की भी चिंता है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User