प्रयागराज में धूमधाम से निकली हनुमान जन्मोत्सव शोभायात्रा:फिल्म हनुमान अंश के कलाकार हुए शामिल, ‘मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान’ भजन पर झूमे भक्त
प्रयागराज में हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर शनिवार को भव्य शोभायात्रा निकाली गई। प्रयाग उत्थान समिति के तत्वावधान में आयोजित शोभायात्रा में जय श्रीराम और बजरंगबली के जयकारे गूंजते रहे। गाजे-बाजे के साथ निकली शोभायात्रा में भगवान हनुमान की दिव्य झांकी आकर्षण का केंद्र रही। वहीं, फिल्म 'हनुमान अंश' के कलाकारों को देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। जगह-जगह लोगों ने आरती उतारकर और पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया। समिति के अध्यक्ष डॉ. उदय प्रताप सिंह के नेतृत्व में शोभायात्रा पथरचट्टी रामलीला कमेटी के प्रांगण से निकाली गई। इसका शुभारंभ महापौर गणेश केसरवानी, डॉ. उदय प्रताप सिंह, धर्मेंद्र कुमार भैया जी, अभिषेक ठाकुर, राजेश केसरवानी और कुमार नारायण ने हनुमान जी की महाआरती कर किया। शोभायात्रा की अगुवाई फिल्म 'हनुमान अंश' के कलाकार शोभिनव सत्य, पूर्णिमा तिवारी, गौरव किशोर शर्मा, अनन्या सिंह और गौरव त्रिपाठी ने अपनी टीम के साथ की। शोभायात्रा रामबाग स्थित पथरचट्टी रामलीला कमेटी से शुरू होकर कोठा पारचा, रामभवन चौराहा, बहादुरगंज चौराहा, मानसरोवर, मोती महल, हीवेट रोड और जॉनसनगंज होते हुए निरंजन रेलवे ब्रिज के रास्ते सिविल लाइंस स्थित हनुमत निकेतन हनुमान मंदिर पहुंची। यहां शोभायात्रा का समापन हुआ। समिति के प्रवक्ता राजेश केसरवानी ने बताया कि शोभायात्रा में श्रीराम भक्त हनुमान के दर्शन के लिए जगह-जगह श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। फिल्म 'हनुमान अंश' के कलाकारों को देखने के लिए भी लोग उत्साहित नजर आए। शोभायात्रा में हनुमान जी की दिव्य झांकी के साथ हनुमान जी की पीठ, डीजे, बैंड, पाइप बैंड, ध्वज-पताका और भगवान गणेश, भगवान शंकर, माता दुर्गा व भगवान कार्तिकेय समेत अन्य देवी-देवताओं की झांकियां शामिल रहीं। भजनों पर झूमे श्रद्धालु शोभायात्रा के समापन के बाद हनुमत निकेतन मंदिर परिसर में भव्य भजन-कीर्तन और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। अनन्या सिंह की टीम के गायकों ने भजनों की प्रस्तुति दी। 'मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान' भजन पर श्रद्धालु झूम उठे। इसके बाद मंदिर में विधि-विधान से हनुमान जी का पूजन और आरती की गई। श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। शोभायात्रा के संयोजक धर्मेंद्र कुमार भैया और सांस्कृतिक कार्यक्रम के संयोजक निवेश मित्तल रहे। कार्यक्रम का संचालन महामंत्री अभिषेक ठाकुर और राजेश केसरवानी ने किया। इस अवसर पर विनय प्रताप सिंह, पार्षद रुद्रसेन जायसवाल, निखिल पांडेय, आलोक केसरवानी, शिवम अग्रहरि, सतीश केसरवानी, रजत सोनकर, अजय अग्रहरि, गोपाल केसरवानी समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)