पुरानी पेंशन-65 साल रिटायरमेंट के लिए शिक्षकों का प्रदर्शन:लखनऊ में 30 मांगों को लेकर तीन दिवसीय आंदोलन, सपा ने धरने का समर्थन किया

Nov 18, 2026 - 20:25
0
पुरानी पेंशन-65 साल रिटायरमेंट के लिए शिक्षकों का प्रदर्शन:लखनऊ में 30 मांगों को लेकर तीन दिवसीय आंदोलन, सपा ने धरने का समर्थन किया
पुरानी पेंशन बहाली और रिटायरमेंट की आयु 65 वर्ष करने की मांग को लेकर लखनऊ के इको गार्डन में शिक्षकों ने प्रदर्शन किया। फुपुक्टा के आह्वान पर चल रहे तीन दिवसीय धरने के दूसरे दिन बुधवार को कानपुर, आजमगढ़, मेरठ और सहारनपुर विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों के शिक्षक शामिल हुए। शिक्षक 30 मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। धरने के दूसरे दिन उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी शिक्षक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अमित कुमार राय ने संगठन की ओर से समर्थन पत्र सौंपा। समाजवादी शिक्षक सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो. बी. पांडेय और राष्ट्रीय महासचिव कुलदीप यादव ने भी धरने को समर्थन दिया। अनुदानित महाविद्यालय स्ववित्तपोषित शिक्षक संघ के अध्यक्ष डॉ. अरुणेश त्रिपाठी भी शिक्षकों के साथ धरने में शामिल हुए। 35 साल पढ़ाने वाले शिक्षक को पेंशन क्यों नहीं सभा को संबोधित करते हुए फेडरेशन के महामंत्री प्रो. प्रदीप कुमार सिंह ने कहा कि नौकरी में आने के समय सरकार ने भरोसा दिया था कि शिक्षक अपनी जवानी देश को देंगे और बुढ़ापे में देश उनका ख्याल रखेगा। यह भरोसा पुरानी पेंशन का था, लेकिन एनपीएस के नाम पर शिक्षकों को शेयर बाजार के हवाले कर दिया गया है। रिटायरमेंट के बाद मिलने वाली पेंशन की भी निश्चितता नहीं है। उन्होंने सवाल उठाया कि पांच साल के लिए चुने जाने वाले नेताओं को कई पेंशन मिलती हैं, जबकि 35 साल तक पढ़ाने वाले शिक्षक को एक पेंशन भी नहीं मिलती। पेंशन कोई एहसान नहीं, बल्कि शिक्षकों के खून-पसीने की कमाई और बुढ़ापे का सहारा है। क्लासरूम में होना चाहिए शिक्षक फुपुक्टा अध्यक्ष प्रो. वीरेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि शिक्षक कभी सड़क पर नहीं आना चाहता। उसकी जगह क्लासरूम है, लेकिन सरकार की नीतियों ने उसे सड़क पर उतरने को मजबूर किया है। जब तक पुरानी पेंशन बहाल नहीं होती, सेवानिवृत्ति की आयु 65 वर्ष नहीं होती और यूजीसी का पूरा लाभ नहीं मिलता, आंदोलन जारी रहेगा। धरने को हिमांशु सिंह, श्रीप्रकाश यादव, गंगेश दीक्षित, डॉ. डीसी कटियार, डॉ. अर्चना दीक्षित, प्रो. सतीश चंद्रा और कुलदीप यादव समेत अन्य पदाधिकारियों ने भी संबोधित किया। धरने में विभिन्न विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं बड़ी संख्या में शामिल हुए। गुरुवार को धरने के अंतिम दिन फुपुक्टा की ओर से शिक्षकों की 30 मांगों को लेकर मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा जाएगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User