राधा-कृष्ण की शोभायात्रा के साथ शुरू हुआ गोवर्धननाथ जू मेला:महोबा में महीने भर चलने वाले मेले में 10 लाख श्रद्धालुओं के आने का अनुमान

Nov 10, 2026 - 07:21
0
राधा-कृष्ण की शोभायात्रा के साथ शुरू हुआ गोवर्धननाथ जू मेला:महोबा में महीने भर चलने वाले मेले में 10 लाख श्रद्धालुओं के आने का अनुमान
महोबा के मिनी वृंदावन चरखारी में सोमवार रात 143वें गोवर्धननाथ जू मेले का शुभारंभ हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच भगवान राधा-कृष्ण की पूजा-अर्चना की गई। एक महीने तक चलने वाले इस ऐतिहासिक मेले में बुंदेलखंड और मध्यप्रदेश से लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। अष्टधातु की प्रतिमाओं के साथ निकाली गई शोभायात्रा चरखारी में सोमवार रात करीब 10 बजे मेले का शुभारंभ हुआ। इससे पहले भगवान गोवर्धननाथ जी और राधा रानी की अष्टधातु प्रतिमाओं को भव्य रथ में विराजमान कर शोभायात्रा निकाली गई। इसके बाद मंदिर परिसर में पुरोहितों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना और वैदिक अनुष्ठान संपन्न कराए। चरखारी विधायक बृजभूषण राजपूत और MLC जितेंद्र सिंह सेंगर यजमान बनकर धार्मिक कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने विधिवत रूप से मेले का उद्घाटन किया। दीपावली के दूसरे दिन गोवर्धन पूजा से शुरू होने वाला यह मेला लगातार एक महीने तक चलेगा। 1883 से चली आ रही मेले की परंपरा चरखारी को 108 राधा-कृष्ण मंदिरों की नगरी के साथ ही बुंदेलखंड का कश्मीर और मिनी वृंदावन भी कहा जाता है। इस ऐतिहासिक मेले की परंपरा साल 1883 से चली आ रही है। बताया जाता है कि चरखारी रियासत के कृष्ण भक्त राजा मलखान जूदेव ने यहां 108 कृष्ण मंदिरों और आकर्षक झीलों का निर्माण कराया था। तभी से गोवर्धननाथ जू मेले का आयोजन लगातार होता आ रहा है। 34 लाख रुपए का बजट, रासलीला से लेकर हॉकी प्रतियोगिता तक नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि रामपाल कुशवाहा के मुताबिक, इस बार मेले का बजट 34 लाख रुपए रखा गया है। एक महीने तक चलने वाले आयोजन में रासलीला, रामलीला, भागवत कथा, महायज्ञ, आरती, कवि सम्मेलन और मुशायरे के साथ विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं होंगी। अखिल भारतीय हॉकी प्रतियोगिता भी मेले का प्रमुख आकर्षण रहेगी। मेले में लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। इसके लिए नगर पालिका की ओर से सांस्कृतिक और धार्मिक आयोजनों की तैयारियां की गई हैं। परिसर में सैकड़ों दुकानों को सजाया जा रहा है। सुरक्षा के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। राजकीय मेला घोषित कराने की पहल जनप्रतिनिधियों ने गोवर्धननाथ जू मेले को राजकीय मेला घोषित कराने की पहल भी की है। उनका कहना है कि इससे इस ऐतिहासिक आयोजन को भविष्य में और भव्य स्वरूप दिया जा सकेगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User