राम ने रावण की नाभि में मारा तीर:60 फीट का पुतला जलकर हुआ खाक, वृंदावन में गूंजे जय श्री राम के जयकारे
भगवान राधा कृष्ण की नगरी वृंदावन मंगलवार की देर शाम भगवान राम के जयकारों से गुंजायमान हो उठी। यहां चल रहे रामलीला महोत्सव में भगवान राम ने जैसे ही रावण की नाभि में तीर मारा वह श्री राम कहते हुए जमीन पर धराशाई हो गया। इसके बाद रावण के विशालकाय 60 फीट ऊंचे पुतले का दहन किया गया। असत्य पर सत्य की विजय के प्रतीक रावण के पुतला दहन के दौरान जमकर आतिशबाजी की गई। इस दौरान भक्त जय श्री राम की जय जयकार करने लगे। हनुमान जी ने किया अहिरावण का वध श्री रामलीला कमेटी द्वारा आयोजित चौदह दिवसीय रामलीला महोत्सव के बारहवें दिन मेघनाथ,अहिरावण और रावण वध की लीला का मंचन किया गया। रामलीला में लक्ष्मण जी ने मेघनाथ का वध किया। जिसके बाद पाताल लोक में जाकर हनुमान जी ने अहिरावण का वध किया। अहिरावण का वध करने के बाद हनुमान जी वहां से राम और लक्ष्मण को लेकर फिर युद्ध भूमि में पहुंचे। इस दौरान हनुमान जी ने मां काली का स्वरूप भी धारण किया। राम रावण दल में हुआ युद्ध मेघनाथ और अहिरावण के वध के बाद रावण खुद श्री राम स युद्ध लड़ने के लिए पहुंचा। इस दौरान राम दल और रावण दल में घनघोर युद्ध हुआ। भगवान राम के द्वारा रावण पर अस्त्र चलाए,लेकिन सभी अस्त्र रावण का कुछ न बिगाड़ पाए। इसके बाद विभीषण ने श्री राम को बताया कि रावण के प्राण उसकी नाभि में हैं। जिसके बाद राम ने रावण की नाभि में वाण मारा। नाभि में वाण लगते ही रावण जमीन पर धराशाई हो गया। अग्नि वाण से किया पुतला दहन लीला मंचन के दौरान रावण का वध करते ही भगवान श्री राम ने रावण के विशालकाय 60 फीट ऊंचे पुतले को जलाने के लिए अग्नि वाण चलाया। अग्नि वाण जैसे ही पुतले पर लगा पुतला धूं धूं कर जल उठा। इस दौरान रंगनाथ मंदिर के बड़े बगीचा का मैदान प्रभु श्री राम के जयकारों से गुंजायमान हो उठा। रावण के पुतला दहन के बाद वहां भव्य आतिशबाजी की गई। आधा घंटे तक चली आतिशबाजी देख दर्शक रोमांचित हो उठे। पालकी में विराजमान होकर आईं जानकी रावण वध के बाद भगवान राम ने हनुमान जी को अशोक वाटिका सीता जी को लेने भेजा। हनुमान जी जानकी जी को अशोक वाटिका लेने पहुंचे। इस दौरान भक्त जानकी जी को पालकी में विराजमान कर मंच तक लाए। इस दृश्य को देख दर्शक आनंद में सराबोर हो गए। भक्त जानकी जी के चरण छूने को आतुर नजर आए। मंच पर जानकी जी के पहुंचते ही लीला का विश्राम आरती के साथ हो गया। श्री कांत शर्मा ने किया शुभारंभ 12 वें दिन की रामलीला का शुभारंभ पूर्व ऊर्जा मंत्री और विधायक श्री कांत शर्मा,समाज सेवी विजय रिणवा और सीओ वृंदावन संदीप सिंह ने भगवान राम दरबार का पूजन और आरती कर किया। इस दौरान पूर्व पालिकाध्यक्ष मुकेश गौतम, जगदीश शर्मा गुरुजी,सुभाष पहलवान, वरुण अग्रवाल,पंकज शर्मा, कैलाश अग्रवाल, लक्ष्मी नारायण निषाद,आशीष सिंह,बंशी तिवारी, लक्ष्मी नारायण दीक्षित, अनिल गौतम,आलोक बंसल,शुभम अग्रवाल,नीरज गौतम,गोविंद खंडेलवाल, अलौकिक शर्मा आदि मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)