10 साल पुराने सर्किल रेट पर जमीन अधिग्रहण का विरोध:गोरखपुर में कुंवर प्रताप सिंह ने शुरू की भूख हड़ताल; बोले- किसानों को मिले 2026 का रेट

Nov 04, 2026 - 06:23
0
10 साल पुराने सर्किल रेट पर जमीन अधिग्रहण का विरोध:गोरखपुर में कुंवर प्रताप सिंह ने शुरू की भूख हड़ताल;  बोले- किसानों को मिले 2026 का रेट
एक तरफ शहर के विस्तार और विकास की योजनाएं बनाई जा रही हैं, वहीं दूसरी तरफ किसानों की जमीन का अधिग्रहण पुराने सर्किल रेट पर किए जाने को लेकर विरोध तेज हो गया है। नया गोरखपुर बसाने की योजना और गीडा समेत अन्य परियोजनाओं में वर्ष 2016 के सर्किल रेट पर जमीन अधिग्रहण के विरोध में समाजवादी पार्टी के पूर्व प्रदेश सचिव एवं पूर्व जिला पंचायत सदस्य कुंवर प्रताप सिंह मंगलवार को आमरण अनशन पर बैठ गए। उन्होंने गोलघर स्थित टाउनहाल में गांधी प्रतिमा के सामने सुबह 11 बजे से अनशन शुरू किया। उनका कहना है कि- ये अनशन तबतक चलेगा जबतक उनकी मांग को नहीं सुना जाएगा। मंगलवार की देर शाम उनके समर्थन में हाल ही में चर्चे में आए वार्ड 26 के पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी भी पहुंचे। उन्होंने भी पुराने सर्किल रेट को लेकर विरोध जताया और कहा कि- किसानों के साथ गलत नहीं होने दूंगा। कुंवर प्रताप सिंह ने सरकार और प्रशासन के सामने किसानों से जुड़ी दो प्रमुख मांगें रखी हैं। पहली मांग नया गोरखपुर बसाने की योजना को निरस्त करने की है। दूसरी मांग गीडा समेत अन्य विकास परियोजनाओं के लिए किसानों की जमीन का अधिग्रहण वर्ष 2016 के पुराने सर्किल रेट पर बंद करने और वर्ष 2026 का नया सर्किल रेट लागू करने की है। उनका कहना है कि करीब 10 साल पुराने सर्किल रेट पर जमीन का अधिग्रहण करना किसानों के हितों के साथ अन्याय है। वर्तमान समय में जमीन की कीमतों में काफी बदलाव आ चुका है, ऐसे में अधिग्रहण के लिए भी नया सर्किल रेट लागू किया जाना चाहिए। अखिलेश यादव ने भी मुख्य सचिव को लिखा था पत्र कुंवर प्रताप सिंह ने बताया कि किसानों की इस समस्या को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भी पहल की थी। उन्होंने आठ अक्टूबर 2026 को प्रदेश के मुख्य सचिव को पत्र लिखकर नया गोरखपुर बसाने की योजना निरस्त करने और किसानों की जमीन के अधिग्रहण में नया सर्किल रेट लागू करने की मांग की थी। इसके बावजूद किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं होने पर उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं के नाम पर किसानों की जमीन ली जा रही है, लेकिन उन्हें जमीन का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है। किसानों को उनकी जमीन का वर्तमान बाजार मूल्य और नए सर्किल रेट के अनुसार मुआवजा मिलना चाहिए। जब तक किसानों की मांगों पर निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक उनका आमरण अनशन जारी रहेगा। समर्थन में पहुंचे कई लोग टाउनहाल स्थित गांधी प्रतिमा के सामने शुरू हुए अनशन को समर्थन देने के लिए कई लोग पहुंचे। इनमें अभिनव प्रताप सिंह, महेंद्र यादव, श्रीराम मिश्रा, ओम प्रकाश यादव, मो. हनी, छेदीलाल, सुदामा निषाद, चंद्रशेखर, नागेश्वर पांडेय, हरीलाल, रामविहारी यादव, हीरालाल, योगेंद्र यादव, रवि यादव, नंदलाल, रविशंकर पासवान, छोटेलाल, रामश्रृंगार यादव, प्रदीप यादव, आकाश मौर्य, संजय जायसवाल और ध्रुव विश्वकर्मा समेत अन्य लोग शामिल रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User