केशव प्रसाद बोले- सपा की साइकिल पंचर कर सैफई भेजेंगे:लोकतंत्र के दुश्मन, संविधान के हत्यारे मोदी सरकार का तख्तापलट करना चाहता है

Nov 04, 2026 - 06:06
0
केशव प्रसाद बोले- सपा की साइकिल पंचर कर सैफई भेजेंगे:लोकतंत्र के दुश्मन, संविधान के हत्यारे मोदी सरकार का तख्तापलट करना चाहता है
बरेली के राजेंद्र नगर स्थित स्वयंवर बारातघर के सामने आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने मंच से हुंकार भरते हुए कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस का कोई अता-पता नहीं रहने वाला है, लेकिन कांग्रेस की बैसाखी बनकर घूम रही समाजवादी पार्टी की साइकिल को पंचर कर सैफई भेजने का काम जनता और कार्यकर्ता करेंगे। उन्होंने दो टूक कहा कि उत्तर प्रदेश में गुंडागर्दी और माफियाराज को किसी भी कीमत पर दोबारा लौटने नहीं दिया जाएगा। मोदी सरकार का तख्तापलट करने की फिराक में विपक्ष, जनता सिखाएगी सबक उपमुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र के दुश्मनों और संविधान के हत्यारों का असल मकसद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रही मजबूत केंद्र सरकार का तख्तापलट करना है। उन्होंने जनता से सवाल किया कि क्या वे ऐसे तत्वों को केंद्र सरकार का तख्तापलट करने देंगे? जनता के इनकार करने पर उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश की जागरूक जनता इस बार विपक्ष की इस साजिश को पूरी तरह नाकाम करते हुए कांग्रेस और सपा का ही सियासी तख्तापलट कर देगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा संविधान, लोकतंत्र और जनता के जनादेश का पूरा सम्मान करती है, जबकि विपक्ष लगातार जनादेश का अपमान कर रहा है। आजादी के बाद से वोट चोरी का जनक कांग्रेस, पटेल का हक छीन नेहरू को बनाया वोट चोरी के आरोपों पर पलटवार करते हुए केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि आजादी के तुरंत बाद से देश में वोट चोरी की शुरुआत करने वाली खुद कांग्रेस पार्टी है। उन्होंने याद दिलाया कि सरदार वल्लभभाई पटेल के पक्ष में जनादेश होने के बावजूद वोट चोरी करके देश का पहला प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू को बनाया गया था। इसके बाद रायबरेली में राज नारायण के खिलाफ फर्जीवाड़ा और वोट चोरी कर इंदिरा गांधी ने लोकसभा चुनाव जीता। जब इलाहाबाद हाईकोर्ट ने उनके चुनाव को अवैध घोषित कर दिया, तो अपनी कुर्सी बचाने के लिए देश पर इमरजेंसी थोप दी गई। उन्होंने कहा कि वोट चोर कांग्रेस, अराजकता फैलाने वाली सपा और बंगाल में हिंसा की पर्याय टीएमसी आज खिसियानी बिल्ली खंभा नोचे की तर्ज पर अनर्गल प्रलाप कर रहे हैं। 2027 में हर बूथ पर खिलेगा कमल, एनडीए प्रत्याशियों को जिताने का आह्वान केशव प्रसाद मौर्य ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए अभी से कमर कसने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ता अपने छोटे-मोटे आपसी मतभेद भुलाकर हर एक बूथ पर कमल खिलाने के संकल्प के साथ मैदान में उतर जाएं। जहां भी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के सहयोगी दलों के प्रत्याशी चुनाव लड़ेंगे, वहां उन्हें रिकॉर्ड मतों से जिताने का काम किया जाएगा। शहीद पंकज अरोड़ा स्मारक पर संपन्न हुई पदयात्रा जनसभा के उपरांत राजेंद्र नगर स्थित स्वयंवर बारातघर से 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' पदयात्रा शुरू हुई। यह यात्रा बांके बिहारी मंदिर होते हुए शिवाजी चौक पहुंची, जहां छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया और अंत में शहीद पंकज अरोड़ा स्मारक पर जाकर समाप्त हुई। इस दौरान हजारों भाजपा कार्यकर्ताओं, सामाजिक संगठनों, व्यापार मंडल, अधिवक्ताओं और प्रबुद्ध वर्ग के लोगों ने भाग लिया। इस अवसर पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष व केंद्रीय राज्य मंत्री जयंत चौधरी, क्षेत्रीय अध्यक्ष पूरण लाल लोधी, वित्त मंत्री उत्तर प्रदेश सुरेश खन्ना, राज्यसभा सांसद गीता शाक्य, उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह, उत्तर प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री अरुण कुमार सक्सेना, क्षेत्रीय संगठक अभय गिरी, मेयर उमेश गौतम, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार, अरुण सागर, राज्यसभा सांसद श्रुति गंगवार, प्रदेश उपाध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य, के. बृज बहादुर, राजेश यादव, प्रदेश मंत्री यतेंद्र शर्मा, सुभाषिनी जायसवाल, एमएलसी बहोरन लाल मौर्य, कुंवर महाराज सिंह, विधायक डॉ. डीसी वर्मा, डॉ. एमपी आर्य, संजीव अग्रवाल, डॉ. राघवेंद्र शर्मा, क्षेत्रीय महामंत्री डॉ. संजीव शर्मा, राजेश्वर सिंह पटेल, जिलाध्यक्ष सोमपाल शर्मा, जिलाध्यक्ष आंवला आदेश प्रताप सिंह, महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना, पूर्णेश मिश्रा, दीपक सोनकर, डॉ. आदेश गंगवार, महेश योगी, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी अंकित माहेश्वरी, विष्णु अग्रवाल, बंटी ठाकुर, डॉ. विमल भारद्वाज, डॉ. विनोद पागरानी, डॉ. निर्भय गुर्जर, अंकित शुक्ला, विष्णु शर्मा, वीरपाल गंगवार आदि उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User