रामपुर में डेंगू के तीन मरीज मिले, स्वास्थ्य विभाग ALERT:11 साल की बच्ची की रिपोर्ट आई पॉजिटिव, दो और मरीजों का चल रहा इलाज

Nov 03, 2026 - 23:31
0
रामपुर में डेंगू के तीन मरीज मिले, स्वास्थ्य विभाग ALERT:11 साल की बच्ची की रिपोर्ट आई पॉजिटिव, दो और मरीजों का चल रहा इलाज
रामपुर में डेंगू के मरीजों की संख्या बढ़कर तीन हो गई है। मंगलवार को शहर के पक्का बाग मोहल्ले में 11 साल की बच्ची की एलाइजा जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इससे पहले दो अन्य मरीजों में डेंगू की पुष्टि हो चुकी है। नए मामले के बाद स्वास्थ्य विभाग ने प्रभावित इलाके में सर्वे और छिड़काव अभियान तेज कर दिया है। पक्का बाग की रहने वाली इस बच्ची को पिछले तीन-चार दिन से बुखार आ रहा था। परिजनों ने पहले निजी डॉक्टर को दिखाया, लेकिन आराम नहीं मिला। इसके बाद अर्बन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में कार्ड टेस्ट कराया गया, जिसमें रिपोर्ट पॉजिटिव आई। सैंपल को जिला अस्पताल की लैब में एलाइजा जांच के लिए भेजा गया। मंगलवार शाम आई रिपोर्ट में भी डेंगू की पुष्टि हुई। डॉक्टरों के मुताबिक, बच्ची की हालत स्थिर है और उसका इलाज घर पर ही किया जा रहा है। परिजनों को मच्छरदानी लगाने और साफ-सफाई रखने की सलाह दी गई है। दो अन्य मरीजों का जिला अस्पताल में चल रहा इलाज इससे पहले रेबड़ी की रहने वाली 65 साल की सोमवती की 29 अक्टूबर को डेंगू रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। वह जिला अस्पताल के डेंगू वार्ड में भर्ती हैं। दूसरा मामला स्वार के रहने वाले नावेद का है। वह हैदराबाद में नौकरी करते हैं। 26 अक्टूबर को वहां तबीयत बिगड़ने पर रामपुर लौट आए थे। यहां जांच में डेंगू की पुष्टि हुई। दोनों मरीजों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। 25 घरों का सर्वे, 20 लोगों के लिए सैंपल बच्ची में डेंगू की पुष्टि के बाद जिला मलेरिया अधिकारी संजय सिंह चौहान के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम पक्का बाग पहुंची। टीम ने बच्ची के घर और आसपास के 25 घरों का सर्वे किया। घरों में जमा पानी हटवाया गया। कूलर, गमलों और छतों पर जमा पानी की जांच की गई। नालियों में एंटी लार्वा दवा का छिड़काव भी कराया गया। टीम ने मोहल्ले में बुखार से पीड़ित करीब 20 लोगों के खून के नमूने लेकर जांच के लिए लैब भेजे हैं। इन सभी को डेंगू का आशंकित मरीज मानते हुए सैंपल लिए गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User