रेलवे पेंशनर घर बैठे जमा कर सकेंगे जीवन प्रमाण पत्र:इज्जतनगर मंडल में फेस ऑथेंटिकेशन का प्रशिक्षण; स्मार्टफोन से बनेगा डिजिटल प्रमाण पत्र

Nov 18, 2026 - 16:33
0
रेलवे पेंशनर घर बैठे जमा कर सकेंगे जीवन प्रमाण पत्र:इज्जतनगर मंडल में फेस ऑथेंटिकेशन का प्रशिक्षण; स्मार्टफोन से बनेगा डिजिटल प्रमाण पत्र
बरेली में रेलवे पेंशनरों को अब जीवन प्रमाण पत्र जमा करने के लिए बैंक या कार्यालय नहीं जाना पड़ेगा। वे स्मार्टफोन से चेहरे की पहचान कराकर घर बैठे डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र जमा कर सकेंगे। इस सुविधा की जानकारी देने के लिए बुधवार को इज्जतनगर मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में सेमिनार हुआ। यह कार्यक्रम डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र स्पेशल कैंपेन 5.0 के तहत आयोजित किया गया। मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा की अध्यक्षता में हुए कार्यक्रम में पेंशनरों को फेस ऑथेंटिकेशन तकनीक का इस्तेमाल करना सिखाया गया। वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक डॉ. राकेश कुमार भारती ने प्रेजेंटेशन के जरिए डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनाने और ऑनलाइन जमा करने की प्रक्रिया समझाई। पंजाब नेशनल बैंक के बरेली सर्किल हेड समेत अलग-अलग बैंकों के प्रतिनिधियों और लेखा अधिकारियों ने भी प्रशिक्षण दिया। बताया गया कि पेंशनभोगी स्मार्टफोन से चेहरे की पहचान कराकर जीवन प्रमाण पत्र बना सकते हैं। इससे उन बुजुर्ग पेंशनरों को सुविधा होगी, जिन्हें हर साल प्रमाण पत्र जमा करने के लिए बैंक या संबंधित कार्यालय जाने में परेशानी होती है। कार्यक्रम में साइबर सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने और रेलवे सैलरी पैकेज अकाउंट के तहत मिलने वाली बैंकिंग सुविधाओं की जानकारी भी दी गई। वीणा सिन्हा ने पेंशनभोगियों से डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र की सुविधा का लाभ लेने को कहा। उन्होंने बैंकों से रेलवे सैलरी पैकेज के तहत कर्मचारियों को मिलने वाली सुविधाएं पहुंचाने पर भी जोर दिया। भारत सरकार के पेंशन एवं पेंशनभोगी कल्याण विभाग की ओर से 1 से 30 नवंबर तक डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र स्पेशल कैंपेन 5.0 चलाया जा रहा है। कार्यक्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक मनोज कुमार, सभी शाखाधिकारी और सेवानिवृत्त रेल कर्मचारी मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User