शाहजहांपुर में 75 बीघा गन्ने की फसल जलकर राख:25 किसानों को लाखों का नुकसान, पराली जलाने से आग लगने का आरोप
शाहजहांपुर के बंडा थाना क्षेत्र के मकसूदापुर गांव में मंगलवार दोपहर आग लगने से करीब 25 किसानों की 75 बीघा गन्ने की फसल जलकर राख हो गई। किसानों के अनुसार, हादसे में करीब 20 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। ग्रामीणों का आरोप है कि किसी ने पराली जलाई थी, जिसकी चिंगारी खेतों तक पहुंचने से आग लगी।
मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे एक खेत में गन्ने की फसल में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग आसपास के खेतों तक फैल गई। आग की लपटें और धुआं देखकर किसानों में अफरा-तफरी मच गई। किसानों ने खुद आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हुए। सूचना पर दमकल विभाग और पुलिस मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक फसल जल चुकी थी।
ग्रामीणों का कहना है कि पराली जलाने पर रोक के बावजूद कुछ लोग ऐसा कर रहे हैं। आशंका है कि पराली की चिंगारी से ही खेतों में आग लगी। सूचना मिलने पर चीनी मिल के कर्मचारी भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने किसानों को नुकसान की जानकारी मिल प्रबंधन तक पहुंचाने और आगे के निर्देशों के अनुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया।
प्रभावित किसानों में ग्रीस चंद्र, प्रेम चंद्र, विनोद कुमार, बृजेश कुमार, महेंद्र कुमार, राजाराम, रायबहादुर, रामकेशन, अनूप कुमार, शिवराम, हरगोविंद, सुधीर कुमार, नीरज कुमार, कैलाश चंद्र, कौशल कुमार, हरिओम, रामबाबू और सुनीता देवी शामिल हैं। किसानों ने प्रशासन से नुकसान का आकलन कराकर मुआवजा दिलाने की मांग की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)