शाहजहांपुर में अधिवक्ता के भाई की हत्या:आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर वकीलों का प्रदर्शन, कल से शहर जाम करने की चेतावनी
जिले में अधिवक्ता के भाई सुधीर सिंह की हत्या के मामले में नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से अधिवक्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा है। शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे बड़ी संख्या में अधिवक्ता कचहरी के पास मुख्य सड़क पर बैठ गए और पुलिस-प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया, तो शनिवार (कल) से पूरा शहर जाम किया जाएगा। खुलेआम घूम रहे हैं आरोपी, गवाहों को धमकाने का आरोप प्रदर्शन कर रहे अधिवक्ताओं का आरोप है कि हत्याकांड के नामजद आरोपी क्षेत्र में खुलेआम घूम रहे हैं और लगातार गवाहों को धमका रहे हैं। मृतक सुधीर सिंह अधिवक्ता अवनीश सिंह के भाई थे। शुक्रवार को अवनीश सिंह अन्य साथियों के साथ प्रशासन को ज्ञापन सौंपने पहुंचे थे, जिसके बाद वे आक्रोशित होकर कचहरी गेट के सामने सड़क पर ही धरने पर बैठ गए। जांच पर उठे सवाल, पूर्व विवेचक पर धमकाने का आरोप गौरतलब है कि करीब ढाई महीने पहले खुदागंज थाना क्षेत्र के मझला गांव निवासी सुधीर सिंह का शव बरामद हुआ था। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद इस मामले में नामजद आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। शुरुआत में परिजनों ने खुदागंज पुलिस पर आरोपियों से मिलीभगत का गंभीर आरोप लगाते हुए किसी दूसरे थाने से जांच कराने की मांग की थी, जिसके बाद मामले की विवेचना सिंधौली पुलिस को सौंपी गई। अधिवक्ताओं और परिजनों का आरोप है कि करीब एक महीने पहले जब सिंधौली पुलिस जांच के लिए गांव गई, तो उनके साथ खुदागंज थाने का पूर्व जांच अधिकारी भी मौजूद था। आरोप है कि पूर्व विवेचक ने वहां गवाहों को धमकाया। अधिवक्ताओं का कहना है कि उन्होंने पुलिस के सामने कई गवाह पेश किए, लेकिन अधिकारी उनसे संतुष्ट नहीं हो रहे हैं और अब तक एक भी गिरफ्तारी नहीं की गई है। सांकेतिक प्रदर्शन के बाद बड़े आंदोलन की चेतावनी अधिवक्ताओं ने स्पष्ट किया कि शुक्रवार का यह प्रदर्शन महज सांकेतिक था। यदि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई नहीं की तो कल से पूरे शहर में चक्का जाम किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी पुलिस और प्रशासन की होगी। वहीं, इस मामले में एसपी देवेंद्र सिंह ने बताया कि अधिवक्ताओं का ज्ञापन ले लिया गया है और उन्हें निष्पक्ष व उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)