शाहजहांपुर में त्योहार के चलते कई रास्तों पर वाहन प्रतिबंधित:5 से 9 नवंबर तक बदली रहेगी यातायात व्यवस्था, चौक, बहादुरगंज और पचराहा में आवाजाही पर रहेगी रोक
शाहजहांपुर में धनतेरस और दीपावली को लेकर बाजार सजने लगे हैं। इस बार मिट्टी की मूर्तियों और मेवे से बने गिफ्ट की मांग बढ़ी है। हालांकि, दुकानदारों के मुताबिक अभी बाजार में ग्राहकों की संख्या कम है। धनतेरस पर चौक और सदर बाजार में भीड़ को देखते हुए पुलिस ने यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है। पांच से नौ नवंबर तक दोपहर एक बजे से रात 10 बजे तक ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा। चौक और सदर बाजार में रहेगी विशेष व्यवस्था धनतेरस पर चौक और सदर बाजार में बड़ी संख्या में दुकानें लगती हैं। शुक्रवार को धनतेरस के चलते बाजारों में भीड़ बढ़ने की संभावना है। जाम से बचाने के लिए पुलिस ने कई रास्तों पर वाहनों की आवाजाही नियंत्रित की है। घंटाघर से पंखी चौराहा की ओर ई-रिक्शा को छोड़कर छोटे वाहन जा सकेंगे। पंखी चौराहा से बहादुरगंज, जेल के पीछे पार्किंग मोड़ से आगे बहादुरगंज और पचराहा से बहादुरगंज की ओर तीन और चार पहिया वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। पचराहा से पुराने डाकघर वाली गली में भी तीन और चार पहिया वाहन नहीं जा सकेंगे। हालांकि, टिकली तिराहा से पचराहा होते हुए निशात रोड की ओर वाहनों की आवाजाही जारी रहेगी। घंटाघर से लकड़ी मंडी और गल्ला मंडी तक हल्के वाहन जा सकेंगे। गल्ला मंडी की ओर से घंटाघर तक भी वाहनों की आवाजाही रहेगी। पार्किंग के लिए तय किए गए स्थान दुकानदार अपनी दुकानों के सामने खुद का या ग्राहकों का वाहन खड़ा नहीं कर सकेंगे। व्यापारी और ग्राहक नगर निगम की ओर से तय बहादुरगंज, जेल और गोविंदगंज पार्किंग में ही वाहन खड़े करेंगे। सड़क पर वाहन खड़ा करने की अनुमति नहीं होगी। पंखी चौराहा से खिरनीबाग और इस्लामिया तिराहा होते हुए जेल के पीछे की पार्किंग तक वाहन जा सकेंगे। कच्चा कटरा मोड़ से चारखंभा की ओर सभी तरह के वाहन जा सकेंगे, जबकि चारखंभा से कच्चा कटरा मोड़ की ओर दोपहिया वाहनों को छोड़कर बाकी वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। सरौदी बंगला से चौक और खोया मंडी व मिशन तिराहा से चौक की ओर भी दोपहिया वाहनों को छोड़कर अन्य वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। एसपी ने की पैदल गश्त, संदिग्धों पर नजर रखने की अपील त्योहार शांतिपूर्ण तरीके से मनाने के लिए बुधवार रात SP सौरभ दीक्षित ने पुलिस अधिकारियों के साथ पैदल गश्त की। उन्होंने लोगों से अपील की कि कोई संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि दिखाई देने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें। मेडिकल कॉलेज में 24 बेड सुरक्षित दीपावली पर पटाखों से जलने की घटनाओं से निपटने के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज में भी इंतजाम किए गए हैं। बर्न वार्ड के 12 बेड के अलावा 12 बेड और सुरक्षित रखे गए हैं। जरूरत पड़ने पर इनका इस्तेमाल किया जाएगा। वार्ड में स्टाफ की तैनाती भी रहेगी। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. राजेश कुमार ने यह जानकारी दी। मिट्टी की मूर्तियों और मेवे के गिफ्ट की मांग दुकानदार उत्कर्ष ने बताया कि मिट्टी की मूर्तियों की कीमत बढ़ गई है। पहले जो मूर्तियां 80 रुपए में मिलती थीं, अब उनकी कीमत 150 रुपए हो गई है। पहले ग्राहक POP की मूर्तियां मांगते थे, लेकिन अब मिट्टी की मूर्तियों की मांग बढ़ी है। उनके पास 100 से 2,200 रुपए तक की मूर्तियां उपलब्ध हैं। दुकानदार प्रदीप गुप्ता ने बताया कि त्योहार की तैयारियां पूरी हैं, लेकिन अभी बाजार में ग्राहक कम आ रहे हैं। उम्मीद है कि आने वाले दिनों में बाजार में रौनक बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि दीपावली मेलजोल का त्योहार है, इसलिए लोग मेवे से बने गिफ्ट भी पसंद कर रहे हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)