मेरठ में सभी प्रकार के निर्माण कार्यों पर रोक:डीएम ने मेडा, नगर निगम और पीडब्ल्यूडी समेत सभी विभागों को दिए निर्देश
मेरठ शहर में बढ़ते वायु प्रदूषण को देखते हुए जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। बृहस्पतिवार को मेरठ का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 200 अंक पर पहुंच गया। प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए जिले में सभी प्रकार के निर्माण कार्यों पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगा दिया गया है। जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह ने मेडा, नगर निगम, पीडब्ल्यूडी समेत सभी संबंधित विभागों को अपने-अपने क्षेत्रों में चल रहे निर्माण कार्य तुरंत रुकवाने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन का उद्देश्य निर्माण कार्यों से उड़ने वाली धूल और प्रदूषणकारी तत्वों को रोककर हवा की गुणवत्ता में सुधार करना है। दीपावली से पहले प्रदूषण के बढ़ते स्तर को देखते हुए प्रशासन ने निर्माण कार्यों पर रोक लगाने का फैसला लिया है। डीएम ने स्पष्ट किया है कि प्रतिबंध के दौरान किसी भी क्षेत्र में निर्माण कार्य जारी नहीं रहना चाहिए। निर्माण जारी मिला तो होगी कार्रवाई डीएम डॉ. वीके सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अपने-अपने क्षेत्रों में निर्माण कार्यों की निगरानी करें और तत्काल प्रभाव से उन्हें बंद कराएं। प्रतिबंध के बावजूद कहीं निर्माण कार्य जारी मिला तो संबंधित ठेकेदार या एजेंसी के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने साफ किया है कि प्रदूषण नियंत्रण के मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी संबंधित विभागों को निर्देशों का कड़ाई से पालन कराने के लिए कहा गया है। दीपावली पर केवल ग्रीन पटाखों की अनुमति दीपावली के दौरान प्रदूषण को नियंत्रित रखने के लिए प्रशासन ने केवल ग्रीन पटाखे जलाने की अनुमति दी है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि नियमों का पालन सुनिश्चित कराया जाए। त्योहारी सीजन में प्रदूषण बढ़ने की आशंका को देखते हुए प्रशासन की ओर से निगरानी भी की जाएगी। मिठाइयों में मिलावट रोकने की जिम्मेदारी तय दीपावली के दौरान बाजारों में मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन ने अधिकारियों की जिम्मेदारी भी तय कर दी है। शहर में मिलावटी मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने की जिम्मेदारी एडीएम सिटी आदित्य प्रजापति को सौंपी गई है। वहीं, देहात क्षेत्र में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और मिलावटखोरी पर निगरानी की जिम्मेदारी एडीएम प्रशासन विजय वर्धन तोमर संभालेंगे। प्रशासन का उद्देश्य त्योहारी सीजन में लोगों को मिलावट रहित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना और खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)