शामली में सड़क हादसे रोकने को DM के सख्त निर्देश:ब्लैक स्पॉट सुधारने, ई-रिक्शा पर कार्रवाई और 'नो हेलमेट, नो फ्यूल' नियम लागू करने को कहा

Oct 27, 2026 - 15:11
0
शामली में सड़क हादसे रोकने को DM के सख्त निर्देश:ब्लैक स्पॉट सुधारने, ई-रिक्शा पर कार्रवाई और 'नो हेलमेट, नो फ्यूल' नियम लागू करने को कहा
शामली। जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के लिए जिलाधिकारी आलोक यादव ने संबंधित विभागों को सख्त निर्देश दिए हैं। मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में उन्होंने दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट पर सुधारात्मक कार्य कराने और मेरठ-करनाल राष्ट्रीय राजमार्ग पर टपराना जंक्शन पर हो रहे हादसों को रोकने के लिए विशेष कदम उठाने के निर्देश दिए। वहीं, छह माह से सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में अनुपस्थित रहने पर एनएचएआई के संबंधित अधिकारी के प्रति नाराजगी जताते हुए स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए। बैठक में जिलाधिकारी ने एजेंडे के अनुसार सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि दुर्घटनाओं को रोकने के लिए ब्लैक स्पॉट चिह्नित कर वहां आवश्यक सुधार कराए जाएं। सड़क पर सुरक्षा संबंधी खामियों को दूर करने में लापरवाही नहीं होनी चाहिए। मेरठ-करनाल राष्ट्रीय राजमार्ग के टपराना जंक्शन पर लगातार हो रही दुर्घटनाओं पर चिंता जताते हुए उन्होंने एनएचएआई को कड़ी चेतावनी दी और तत्काल सुधारात्मक कार्य कराने के निर्देश दिए। ई-रिक्शा में स्कूली बच्चों को ठूंसकर बैठाने पर कार्रवाई जिलाधिकारी ने ई-रिक्शा में निर्धारित क्षमता से अधिक स्कूली बच्चों को बैठाकर ले जाने के मामलों पर अभियान चलाकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी को स्कूलों में भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता अभियान चलाने को कहा, ताकि बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित हो सके। टोल प्लाजा पर होगा गुड सेमेरिटन योजना का प्रचार बैठक में गुड सेमेरिटन योजना के प्रचार-प्रसार पर भी जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने एनएचएआई के सभी टोल प्लाजा पर योजना से संबंधित जागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए। इसका उद्देश्य सड़क दुर्घटना में घायल लोगों की मदद के लिए लोगों को प्रोत्साहित करना है। बिना हेलमेट और PUCC के नहीं मिलेगा ईंधन जिलाधिकारी आलोक यादव और पुलिस अधीक्षक नरेंद्र प्रताप सिंह ने पेट्रोल पंपों पर ‘नो हेलमेट, नो फ्यूल’ और ‘नो वैलिड PUCC, नो फ्यूल’ नियम का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए। वैध प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (PUCC) के बिना ईंधन नहीं देने के नियम का अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा गया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ मानकों के अनुरूप सख्त कार्रवाई की जाए। सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभाग आपसी समन्वय से काम करें। बैठक में पुलिस अधीक्षक नरेंद्र प्रताप सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व सत्येंद्र सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता राजकुमार, एआरटीओ प्रवेश कुमार, यातायात विभाग सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User