सुलतानपुर में खाई में बाइक गिरने से 3 की मौत:अमेठी में एक ही गांव के पड़ोसी थे तीनों युवक, सटरिंग का काम करने गए थे

Oct 27, 2026 - 16:16
0
सुलतानपुर में खाई में बाइक गिरने से 3 की मौत:अमेठी में एक ही गांव के पड़ोसी थे तीनों युवक, सटरिंग का काम करने गए थे
अमेठी के तीन युवकों की सोमवार शाम सुलतानपुर-धम्मौर राजमार्ग पर हुए सड़क हादसे में मौत हो गई। अमहट से आगे कब्रिस्तान के पास राइडर बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में गिर गई। हादसे में विशाल कोरी और ईशू कोरी की मौके पर मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल रोहित ने मंगलवार को लखनऊ के हायर सेंटर में दम तोड़ दिया। तीनों अमेठी के भेटुआ ब्लॉक की पीपरपुर ग्राम पंचायत के रामापुर गांव के रहने वाले थे। वे सुलतानपुर में सटरिंग का काम करने गए थे। मृतकों में विशाल (17) पुत्र झल्लर कोरी, ईशू (करीब 20) पुत्र दल बहादुर कोरी उर्फ कल्लू और रोहित (करीब 17) पुत्र हरीश चंद्र शामिल हैं। मंगलवार तक तीनों के शव घर नहीं पहुंचे थे। परिजन अपनों के अंतिम दर्शन के इंतजार में सदमे में हैं। परिवार की उठाते थे जिम्मेदारी विशाल दो भाइयों और दो बहनों में था। उसके बड़े भाई श्रवण और बहन काजल की शादी हो चुकी है। बेटे की मौत से मां मीना का रो-रोकर बुरा हाल है। ईशू तीन भाइयों और एक बहन में सबसे बड़ा था। वह मेहनत-मजदूरी कर परिवार की आर्थिक मदद करता था। राइडर बाइक भी उसी की थी। उसकी मां रंगीता बेटे की मौत से बदहवास हैं। रोहित दो भाइयों और एक बहन में था। वह भी मेहनत करके परिवार का सहारा बन रहा था। उसकी मां संगीता पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मेहनत-मजदूरी से चलाते थे परिवार तीनों युवकों के पिता दिहाड़ी मजदूरी करते हैं। तीनों को जाल बांधने, सटरिंग, पुट्टी और पेंट का काम आता था। वे काम करके परिवार की जिम्मेदारियों में हाथ बंटाते थे। किसी की शादी भी नहीं हुई थी। परिवारों को उनसे बेहतर भविष्य की उम्मीद थी, लेकिन हादसे ने तीनों की जिंदगी छीन ली। रामापुर गांव में हादसे के बाद मातम पसरा है। परिजन अपनों के शव घर पहुंचने का इंतजार कर रहे हैं। गांव की गलियों में सन्नाटा है और परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User