सहारनपुर में श्मशान की जमीन पर बनी सड़क:ग्रामीणों ने पार्षद पर आरोप लगाया, SSP से हटाने और केस रद्द करने की मांग की
सहारनपुर में मानकमऊ के नया बांस में श्मशान की जमीन पर सीसी रोड बनाने को लेकर विवाद बढ़ गया है। गुरुवार दोपहर दो बजे भीम आर्मी युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष सचिन देव के नेतृत्व में दर्जनों महिला-पुरुष पुलिस लाइन पहुंचे। ग्रामीणों ने स्थानीय पार्षद समीर पर श्मशान की जमीन पर सड़क बनवाने का आरोप लगाते हुए एसएसपी को शिकायती पत्र सौंपा। उन्होंने सड़क हटवाने और ग्रामीणों के खिलाफ दर्ज मुकदमे निरस्त करने की मांग की। ग्रामीणों का आरोप है कि थाना कुतुबशेर क्षेत्र के मानकमऊ स्थित नया बांस में खसरा नंबर 241 में दलित समाज के श्मशान की जमीन है। इसी जमीन के बीच नगर निगम के पार्षद ने कथित तौर पर पुलिस से सांठगांठ कर सीसी रोड का निर्माण करा दिया। ग्रामीणों का कहना है कि इस स्थान पर उनके पूर्वजों के समय से अंतिम संस्कार होते आ रहे हैं। सड़क बनने से श्मशान की जमीन प्रभावित हो रही है। शिकायती पत्र में ग्रामीणों ने बताया कि वे 17 अक्टूबर को डीएम अरविंद कुमार चौहान से मिले थे। आरोप है कि डीएम ने एसडीएम को श्मशान की जमीन के बीच बनी सीसी रोड हटाने के निर्देश दिए थे, लेकिन अब तक कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि पुलिस ने उनके समाज के कुछ लोगों के खिलाफ चालानी रिपोर्ट एसडीएम को भेज दी, जबकि उनका पक्ष नहीं सुना गया। भीम आर्मी युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष सचिन देव ने कहा कि 17 अक्टूबर को लेखपाल और ग्रामीणों के बीच कहासुनी के बाद कई लोगों के खिलाफ मुकदमे दर्ज किए गए। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिसकर्मी उनके घर जाकर महिलाओं और बच्चों को धमका रहे हैं तथा गाली-गलौज कर रहे हैं। इसी मामले में ग्रामीण एसएसपी से मिलने पहुंचे थे, लेकिन उन्हें ठोस आश्वासन नहीं मिला। मानकमऊ निवासी सुलेखा ने कहा कि श्मशान की जमीन उनके समाज के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। अधिकारियों के पास शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि पांच-छह युवकों के खिलाफ मुकदमे दर्ज किए गए, जबकि ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने लेखपाल के साथ बदसलूकी नहीं की।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)