सीतापुर जिला अस्पताल में बारिश से छत टपकी:महिला-चिल्ड्रन वार्ड में पानी भरा, दीवारों पर करंट उतरने की संभावना, एसडीएम ने किया निरीक्षण
सीतापुर में लगातार हो रही भारी बारिश ने जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं की पोल खोल दी है। बारिश के दौरान शनिवार शाम जिला अस्पताल की छत से पानी टपकने लगा। महिला वार्ड, मेडिकल वार्ड और चिल्ड्रन वार्ड में छत से पानी गिरने के कारण मरीजों और तीमारदारों को परेशानी का सामना करना पड़ा। अस्पताल के सीएमएस कक्ष और कार्यालय में भी दीवारों पर करंट उतरने की शिकायत सामने आई, जिससे कर्मचारियों में भी भय का माहौल रहा। मामले की जानकारी होने पर एसडीएम सदर डॉ. जनार्दन समेत अन्य अधिकारियों ने जिला अस्पताल का देर शाम भी निरीक्षण किया। अधिकारियों ने अलग-अलग वार्डों में पहुंचकर बारिश से उत्पन्न स्थिति का जायजा लिया। टपक रही छतों और जलभराव वाले स्थानों की स्थिति देखी गई। अस्पताल प्रशासन को छतों की सफाई कराने और पानी की निकासी की व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान अस्पताल के जिम्मेदारों ने भवन के जर्जर होने को छत से पानी टपकने की प्रमुख वजह बताया। उनका कहना था कि लगातार बारिश के कारण पुराने भवन की छतों में पानी रिसने लगा है। वहीं, जिला अस्पताल की मौजूदा स्थिति को लेकर सवाल भी खड़े हो रहे हैं। हर वर्ष भवन की मरम्मत और रखरखाव के नाम पर लाखों रुपये का बजट खर्च किए जाने के बावजूद बारिश के दौरान वार्डों में पानी टपकने से मरीजों को परेशानी उठानी पड़ रही है। सबसे अधिक चिंता मरीजों की सुरक्षा को लेकर है। महिला और मेडिकल वार्ड के साथ चिल्ड्रन वार्ड में पानी टपकने से फर्श गीला हो गया। ऐसे में फिसलने और विद्युत व्यवस्था प्रभावित होने का खतरा बना हुआ है। सीएमएस कक्ष और कार्यालय की दीवारों पर करंट उतरने की शिकायत ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए हैं। एसडीएम डॉ जनार्दन ने बताया कि अस्पताल प्रशासन को बारिश के दौरान विशेष सतर्कता बरतने और मरीजों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)