सीतापुर में PET अभ्यर्थियों के कलावे और जेवर उतरवाए:13 केंद्रों पर दो पालियों में 11,184 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा, 500 पुलिसकर्मी तैनात

Oct 30, 2026 - 10:09
0
सीतापुर में PET अभ्यर्थियों के कलावे और जेवर उतरवाए:13 केंद्रों पर दो पालियों में 11,184 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा, 500 पुलिसकर्मी तैनात
सीतापुर में उत्तर प्रदेश प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET) को लेकर परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। शुक्रवार को जिले के 13 परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की तीन स्तरों में सघन चेकिंग की गई। परीक्षा में किसी भी तरह की गड़बड़ी रोकने के लिए अभ्यर्थियों की बारीकी से तलाशी ली जा रही है। इस दौरान पुरुष और महिला अभ्यर्थियों के हाथों से कलावा उतरवाया गया। वहीं, महिलाओं को भी जांच प्रक्रिया से गुजरना पड़ा। विवाहित महिला अभ्यर्थियों के पायल और अन्य जेवर भी उतरवाए गए। परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की सघन जांच की गई। जांच के दौरान कई अभ्यर्थियों के जूते-मोजे उतरवाए गए। वहीं, गले में पड़े धागों को भी हटवाया गया। सुरक्षा व्यवस्था के तहत किसी भी अभ्यर्थी को बिना जांच के परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जा रहा है। केंद्रों पर तैनात कर्मचारी और पुलिसकर्मी निर्धारित प्रक्रिया के तहत अभ्यर्थियों की चेकिंग कर रहे हैं। दो पालियों में होगी परीक्षा जिले में PET परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जा रही है। इसमें कुल 11,184 अभ्यर्थी शामिल होंगे। प्रत्येक पाली में 5,592 अभ्यर्थियों के परीक्षा देने की व्यवस्था की गई है। परीक्षा को शांतिपूर्ण और नकलविहीन संपन्न कराने के लिए सभी केंद्रों पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। सुरक्षा में 500 पुलिसकर्मी मुस्तैद परीक्षा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के लिए पुलिस बल की व्यापक तैनाती की गई है। सुरक्षा की जिम्मेदारी सात क्षेत्राधिकारियों (सीओ), 13 इंस्पेक्टर और 36 सब इंस्पेक्टर समेत करीब 500 पुलिसकर्मियों को सौंपी गई है। पुलिसकर्मी परीक्षा केंद्रों के आसपास भी निगरानी रख रहे हैं, ताकि परीक्षा के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो। प्रशासन की ओर से परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। अभ्यर्थियों को जांच प्रक्रिया पूरी करने के बाद ही परीक्षा केंद्रों में प्रवेश दिया जा रहा है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User